UP News : “सॉरी जिया…”, ब्लैकमेलिंग से टूटी मां ने उठाया खौफनाक कदम, सुसाइड नोट ने खोली दर्दनाक कहानी
UP News : बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने कथित ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका मोनिका के कमरे से मिला सुसाइड नोट इस घटना की सबसे दर्दनाक कड़ी बनकर सामने आया है, जिसमें उसने अपनी बेटी के नाम आखिरी संदेश लिखते हुए कहा “सॉरी जिया, मम्मी को मरना पड़ेगा… हो सके तो मुझे माफ कर देना।”
सुसाइड नोट में महिला ने एक युवक पर लगातार ब्लैकमेल करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उसने लिखा कि वह कई दिनों से इस दबाव में थी और अब पूरी तरह टूट चुकी है। घटना से पहले मोनिका ने अपने मायके में वीडियो कॉल भी किया था, जबकि उसी समय उसकी दो मासूम बेटियां घर में मौजूद थीं।
हैरानी की बात यह रही कि परिवार को शुरुआत में आत्महत्या की वजह समझ नहीं आई और सामाजिक कारणों के चलते बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया गया। हालांकि बाद में सुसाइड नोट मिलने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया।
मृतका के पति ने शहर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए तीन मोबाइल नंबर पुलिस को सौंपे हैं, जिनसे लगातार कॉल आने की बात सामने आई है। उन्होंने यह भी बताया कि अंतिम संस्कार के दौरान भी एक संदिग्ध युवक ने वीडियो कॉल किया था। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सुसाइड नोट व डिजिटल सबूतों के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

