Top
Begin typing your search above and press enter to search.

UP Accident : तेज रफ्तार पिकअप और बाइक में भिड़ंत, दो मजदूरों की थम गई सांसे

यह दर्दनाक हादसा दर्जीकुआं-मनकापुर रोड स्थित काजी देवर इलाके में हुआ।

UP Accident : तेज रफ्तार पिकअप और बाइक में भिड़ंत, दो मजदूरों की थम गई सांसे
X

UP Accident : गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में तेज रफ्तार ने दो युवकों की जिंदगी छीन ली। मोतीगंज इलाके में पिकअप और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह दर्दनाक हादसा दर्जीकुआं-मनकापुर रोड स्थित काजी देवर इलाके में हुआ।

जानकारी के मुताबिक एक पिकअप वाहन मनकापुर की ओर जा रहा था, जबकि बाइक सवार युवक गोंडा की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल पहुंचाने की तैयारी कर ही रहे थे, लेकिन उससे पहले ही दोनों ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मोतीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों की पहचान अंकित और राम अवतार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक टाइल्स लगाने का काम करते थे और रोज की तरह मोटरसाइकिल से काम के लिए गोंडा जा रहे थे।

देर रात घर लौटने के दौरान यह हादसा हो गया। थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु आईपीएस प्रदीप कुमार ने बताया कि पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire