Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

UP Accident : उन्नाव एक्सप्रेसवे पर यात्री बस ने डिवाइडर पार कर कार को मारी टक्कर, फिर खाई में गिरी, 7 की मौत, 12 घायल

अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

UP Accident : उन्नाव एक्सप्रेसवे पर यात्री बस ने डिवाइडर पार कर कार को मारी टक्कर, फिर खाई में गिरी, 7 की मौत, 12 घायल
X

UP Accident : उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब हरियाणा से बिहार जा रही एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही कार से टकरा गई।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 230.800 के पास सुबह करीब चार बजे हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस करीब 12 फीट नीचे खाई में पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया।

कार में सवार सभी लोग गोरखपुर से मथुरा जा रहे थे। हादसे में कार सवार सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो मासूम बच्चियां भी शामिल हैं। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं बस और कार में सवार कुल 12 घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें कई की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों और बस में सवार यात्रियों के अनुसार, हादसे से पहले बस असामान्य तरीके से डगमगाने लगी थी। शुरुआती आशंका है कि चालक को झपकी आने या वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण बस डिवाइडर पार कर गई। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा तथा पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire