Top
Begin typing your search above and press enter to search.

चूहे मारने वाला जहर हवा में मिलने से दो बच्चों की मौत, माता-पिता की हालत गंभीर, ये गलती पड़ी भारी

चूहे मारने वाला जहर हवा में मिलने से दो बच्चों की मौत, माता-पिता की हालत गंभीर, ये गलती पड़ी भारी
X
चेन्नई: तमिलनाडु के चेन्नई में एक दर्दनाक घटना में चूहे मारने के लिए रखे गए जहर के हवा में मिल जाने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। यह घटना चेन्नई के मननजेरी इलाके के देवेंद्रन नगर में हुई।

परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
34 वर्षीय गिरिधरन, जो एक निजी बैंक में कार्यरत हैं, अपनी पत्नी पवित्रा और दो बच्चों के साथ अपार्टमेंट में रहते थे। बुधवार सुबह गिरिधरन, उनकी पत्नी और उनके बच्चों को अचानक चक्कर और उल्टियां होने लगीं। पड़ोसियों ने जब उनकी हालत देखी, तो तुरंत परिवार को अस्पताल पहुंचाया।

दो मासूमों की मौत
अस्पताल में इलाज के दौरान गिरिधरन के एक साल के बेटे साई सुदर्शन और छह साल की बेटी विशालिनी की मौत हो गई। वहीं, गिरिधरन और उनकी पत्नी पवित्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।

चूहों से छुटकारा पाने की कोशिश बनी जानलेवा
पुलिस की जांच में सामने आया कि गिरिधरन अपने घर में चूहों की समस्या से परेशान थे। उन्होंने चूहों से छुटकारा पाने के लिए एक पेस्ट कंट्रोल कंपनी से मदद ली। कंपनी के कर्मचारियों ने चूहे मारने का जहर पाउडर के रूप में घर में रखा। लेकिन यह पाउडर हवा में फैल गया, जिससे परिवार के लिए यह जानलेवा साबित हुआ।

एसी कमरे में बना मौत का जाल
गिरिधरन का परिवार एयर-कंडीशनर लगे कमरे में सो रहा था। जहर ने रात में असर दिखाना शुरू कर दिया। सुबह जब परिवार जागा, तो सभी को चक्कर और उल्टियों की शिकायत हुई। पड़ोसियों ने जब यह देखा, तो तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। कुंद्राथुर पुलिस ने पेस्ट कंट्रोल कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire