President Donald Trump: ईरान अमेरिका तनाव के बीच ट्रंप पर हमले की साजिश, गोल्फ क्लब के पास हथियारों के साथ दबोचा गया संदिग्ध, कार से पिस्टल बरामद

President Donald Trump: लॉस एंजिलिस। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। लॉस एंजिलिस के निकट स्थित ट्रंप नेशनल गोल्फ क्लब के बाहर पुलिस ने एक 38 वर्षीय संदिग्ध को हथियार और प्रतिबंधित गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब ट्रंप इस सप्ताह कैलिफोर्निया में रिपब्लिकन नेशनल कमेटी (RNC) के एक महत्वपूर्ण फंडरेजिंग कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं।
लॉस एंजिलिस काउंटी शेरिफ विभाग (LACSD) के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कैलिफोर्निया के डाउनी निवासी जीनिन जॉन टेले (38) के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि रविवार को वह गोल्फ क्लब की पार्किंग में संदिग्ध गतिविधियां करते हुए पाया गया। वह क्लब परिसर की तस्वीरें और वीडियो बना रहा था तथा सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखे हुए था।
सुरक्षा कर्मियों द्वारा उसकी कार की तलाशी लेने पर एक लोडेड पिस्टल और आर्मर-पियर्सिंग (कवच भेदी) गोलियां बरामद हुईं। इसके बाद आरोपी को अवैध रूप से हथियार और प्रतिबंधित गोला-बारूद रखने के आरोप में हिरासत में ले लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अमेरिकी सीक्रेट सर्विस और एफबीआई की जॉइंट टेररिज्म टास्क फोर्स ने जांच अपने हाथ में ले ली है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी का उद्देश्य ट्रंप पर हमला करना था या वह किसी व्यापक साजिश का हिस्सा था। अधिकारियों ने इस संबंध में किसी निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और ट्रंप नेशनल गोल्फ क्लब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
President Donald Trump: ट्रंप पर पहले भी हो चुके हैं हमले के प्रयास, देखें टाइम लाइन
26 अप्रैल 2026: वाशिंगटन के एक होटल में डिनर के दौरान ट्रंप पर कथित तौर पर 7-8 राउंड फायरिंग हुई, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
15 सितंबर 2024: फ्लोरिडा स्थित ट्रंप के गोल्फ क्लब में रयान वेस्ले राउथ नामक व्यक्ति को एके-स्टाइल राइफल के साथ गिरफ्तार किया गया था।
13 जुलाई 2024: पेंसिल्वेनिया में चुनावी रैली के दौरान थॉमस मैथ्यू क्रूक्स की गोली ट्रंप के कान को छूते हुए निकल गई थी।
2016: एक ब्रिटिश नागरिक ने चुनावी रैली के दौरान ट्रंप पर हमले का प्रयास किया था।


