Transport Constable Recruitment : 19 अप्रैल को परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा, 21 केंद्रों पर 5720 अभ्यर्थी होंगे शामिल, सख्त नियम लागू
प्रशासन ने परीक्षा को सुचारू और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

Transport Constable Recruitment : जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में 19 अप्रैल को परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में जिले भर के 21 केंद्रों पर कुल 5720 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने परीक्षा को सुचारू और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
यह परीक्षा छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा परिवहन विभाग के रिक्त पदों को भरने के लिए आयोजित की जा रही है। परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्रशासन के अनुसार, सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर कम से कम 2 घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य है।
सुबह 10:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। शहर के प्रमुख केंद्रों में काकतीय पीजी कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, दंतेश्वरी पीजी महिला महाविद्यालय और महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल शामिल हैं, जहां अलग-अलग संख्या में अभ्यर्थियों को बैठाया जाएगा।
सख्त सुरक्षा व्यवस्था-
सभी परीक्षा केंद्रों में मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। बिना वैध एडमिट कार्ड और पहचान पत्र के किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। पहचान के लिए आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या पैन कार्ड अनिवार्य होगा। यदि प्रवेश पत्र पर फोटो स्पष्ट नहीं है, तो दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना जरूरी होगा।
ड्रेस कोड और प्रतिबंध-
ड्रेस कोड के तहत हल्के रंग के आधी बांह के कपड़े और चप्पल पहनना अनिवार्य किया गया है। जूते, मोजे, बेल्ट, घड़ी और किसी भी प्रकार के आभूषण पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा हॉल में केवल काले या नीले बॉल पॉइंट पेन की अनुमति दी गई है। प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।


