Begin typing your search above and press enter to search.
जबलपुर में दुखद हादसा: लोडिंग ऑटो को ट्रक ने मारी टक्कर, सात की मौत

भोपाल/जबलपुर। घर से काम तलाशने निकले मजदूरों से भरे लोडिंग ऑटो की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। बुधवार दोपहर तीन बजे जबलपुर के नुंजी गांव के पास हुए हादसे में 7 ग्रामीणों ने स्थल पर दम तोड़ा, जबकि 11 गंभीर घायल हुए। मझगवां पुलिस ने बताया, प्रतापपुर गांव के 18 ग्रामीण लोडिंग ऑटो से सिहोरा रेलवे स्टेशन जा रहे थे। गांव से दो किमी दूर पीछे से आ रहे ट्रक ने ऑटो को टक्कर मारी।
तेज रफ्तार ट्रक में फंसकर ऑटो 50 मीटर तक घिसटा और कुछ दूर जाकर दोनों वाहन पलट गए। कई ग्रामीण वाहन में फंसे थे तो कुछ दूर सड़क पर जा गिरे। घटना में 7 की मौत हुई। वहीं 11 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ितों ने बताया कि वे सभी जिले से बाहर मजदूरी तलाशने जा रहे थे। इधर, हादसे से नाराज ग्रामीणों ने 3 घंटे चक्काजाम कर विरोध किया।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों के लिए 50-50 हजार की आर्थिक मदद के निर्देश दिए हैं। हादसे में शोभाराम कोल (45) की पत्नी कल्लूबाई (48) दो बेटे भूरा (4) और शिवा कोल (17) के साथ स्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों में करण कोल (20) व पत्नी रानूबाई (19) के साथ ऊषा बाई कोल (35) भी शामिल हैं।
Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019


