बोर्ड परीक्षाओं से पहले शिक्षकों के लिए होगा ट्रेनिंग सेशन, मास्टर ट्रेनर देंगे सीएम राइस स्कूल के शिक्षकों को ट्रेनिंग...
- Rohit banchhor
- 08 Dec, 2024
विद्यार्थियों को विगत वर्षों में बोर्ड परीक्षाओं में अधिकतम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं को दिखाकर उन्हें अच्छे अंक लाने के लिए मार्गदर्शित किया जाएगा।
MP News : भोपाल। बोर्ड कक्षाओं 10वीं और 12वीं की परीक्षा फरवरी के अंतिम सप्ताह से शुरू होने वाली है। जिसके लिए अब करीब तीन माह का समय बचा है। स्कूल शिक्षा विभाग इस बार सरकारी स्कूलों का 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम सुधारने के लिए कई तरह के प्रयास कर रहा है। 10वीं में इस बार बेस्ट ऑफ फाइव योजना समाप्त हो गई है। इस कारण परिणाम सुधारने के लिए विभाग विशेष तैयारी में जुटा है। इस बार राज्य स्तर पर विषयवार मास्टर ट्रेनर चयनित किए गए हैं, जो जिले के सीएम राइज स्कूलों के शिक्षकों को ऑनलाइन प्रशिक्षण देकर बोर्ड परीक्षा की तैयारी कराएंगे।
MP News : इसके साथ ही सभी स्कूलों में वार्डन शिक्षक तैनात किए जा रहे हैं, जो प्रत्येक विद्यार्थी की मॉनीटिरंग करेंगे। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय, डीपीआई ने सभी जिले के संयुक्त संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी और प्राचार्यों को बोर्ड परीक्षाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने के संबंध में निर्देश जारी किए हैं। विशेष रूप से 10वीं व 12वीं में पढ़ाने वाले शिक्षकों को किसी भी स्थिति में गैर शैक्षणिक कार्य में नहीं लगाया जाएगा।
MP News : छमाही परीक्षा के दौरान कक्षा लगाई जाएगी-
छमाही परीक्षा सोमवार से शुरू होने वाली है। इस बार परीक्षा के बाद भी कक्षाएं लगाई जाएंगी, ताकि अगले दिन के विषय की तैयारी कराई जाए। सभी गतिविधियों के स्थान पर मुख्य विषयों को पढ़ाया जाए। शीतकालीन अवकाश के दौरान तीन वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास कराया जाए। विषय शिक्षक द्वारा निरीक्षण कर कमजोर बिंदुओं पर शैक्षणिक कार्य कराया जाए। कुछ स्कूल रविवार सहित छुट्टियों के दिन भी क्लास लगाकर तैयारी करा रहे हैं। विद्यार्थियों को विगत वर्षों में बोर्ड परीक्षाओं में अधिकतम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं को दिखाकर उन्हें अच्छे अंक लाने के लिए मार्गदर्शित किया जाएगा।

