Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Thailand Open: थाईलैंड ओपन के फाइनल में चूके सात्विक-चिराग, मार्टिन-कार्नांडो ने 21-12, 25-23 से हराया

Thailand Open: थाईलैंड ओपन के फाइनल में चूके सात्विक-चिराग, मार्टिन-कार्नांडो ने 21-12, 25-23 से हराया
X

Thailand Open: नई दिल्ली: सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार भारतीय पुरुष युगल जोड़ी थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब जीतने से चूक गई। बैंकॉक में खेले गए फाइनल मुकाबले में इंडोनेशिया की लियो कार्नांडो और डेनियल मार्टिन की जोड़ी ने भारतीय खिलाड़ियों को सीधे गेमों में 21-12, 25-23 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। यह मुकाबला 53 मिनट तक चला।

पहले गेम में पिछड़ी भारतीय जोड़ी

दुनिया की चौथे नंबर की भारतीय जोड़ी मैच की शुरुआत से ही दबाव में दिखाई दी। इंडोनेशियाई खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए शुरुआत में बढ़त बना ली। सात्विक और चिराग लय हासिल नहीं कर सके और लगातार गलतियों का नुकसान उठाना पड़ा। तेज स्मैश और शानदार नेट प्ले के दम पर लियो और डेनियल ने पहला गेम आसानी से 21-12 से जीत लिया।

दूसरे गेम में रोमांचक संघर्ष

दूसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने शानदार वापसी की और मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया। दोनों टीमों के बीच लंबी रैलियां और कांटे की टक्कर देखने को मिली। एक समय स्कोर 19-19 की बराबरी पर पहुंच गया। सात्विक और चिराग ने लगातार चार चैंपियनशिप प्वाइंट बचाकर शानदार जुझारूपन दिखाया, लेकिन आखिर में नेट पर हुई गलती भारी पड़ गई और इंडोनेशियाई जोड़ी ने 25-23 से गेम जीतकर खिताब हासिल कर लिया।

चोट के बाद दमदार वापसी

सात्विक और चिराग के लिए यह सीजन का पहला फाइनल था। कंधे की चोट के कारण सात्विक कुछ समय तक कोर्ट से दूर रहे थे, लेकिन वापसी के बाद भारतीय जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया। इससे पहले दोनों खिलाड़ी 2019 और 2024 में थाईलैंड ओपन का खिताब जीत चुके हैं।

इंडोनेशियाई जोड़ी ने रचा इतिहास

लियो कार्नांडो और डेनियल मार्टिन की जोड़ी की यह जीत खास रही, क्योंकि उन्होंने पहली बार भारतीय जोड़ी को हराया। इससे पहले सात्विक-चिराग का उनके खिलाफ 4-0 का रिकॉर्ड था।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire