राजधानी में आवारा कुत्तों का आतंक, बच्चे को बुरी तरह से नोच डाला, 200 से अधिक घाव के निशान, डॉक्टर भी सहमे

रायपुर: रायपुर के दलदल सिवनी इलाके में आवारा कुत्तों ने एक 6 साल के मासूम बच्चे पर जानलेवा हमला कर दिया। यह घटना 13 फरवरी की देर शाम आर्मी चौक के पास हुई। बच्चे के सिर और पीठ का मांस आवारा कुत्तों ने नोच डाला, जिससे उसके शरीर में 200 से अधिक घाव हो गए।
तीन आवारा कुत्तों ने करीब 10 मिनट तक बच्चे को नोचा। घटना के समय बच्चा अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था। जब उसके साथी बच्चों ने देखा कि उसे कुत्ते नोच रहे हैं, तो उन्होंने बच्चे के पिता को सूचना दी। इसके बाद पिता ने बच्चे को कुत्तों से बचाया और उसे तुरंत निजी अस्पताल ले गए।
बच्चे का इलाज चल रहा है, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। कॉलोनी के लोग आवारा कुत्तों के आतंक से सहमे हुए हैं । स्थानीय निवासियों का कहना है कि आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और यह समस्या दिन-प्रतिदिन विकराल होती जा रही है।


