Google Drive से Photos बैकअप सर्विस हुई बंद, यूजर्स के लिए बड़ा बदलाव; जानें अब कैसे करे Backup
Google ने Drive for Desktop के जरिए Google Photos में सीधे फोटो और वीडियो बैकअप करने की सुविधा बंद करने का फैसला किया है।

नई दिल्ली। अगर आप कंप्यूटर की फोटो और वीडियो को Google Drive for Desktop के जरिए Google Photos में ऑटोमैटिक बैकअप करते हैं, तो आपके लिए जरूरी अपडेट है। Google ने Drive for Desktop के जरिए Google Photos में सीधे फोटो और वीडियो बैकअप करने की सुविधा बंद करने का फैसला किया है। यह बदलाव Google Photos की पूरी सेवा पर लागू नहीं होगा, बल्कि सिर्फ डेस्कटॉप से होने वाले इस खास बैकअप फीचर को प्रभावित करेगा।
10 अगस्त के बाद बदलेगा बैकअप का तरीका
10 अगस्त 2026 के बाद Google Drive for Desktop से Google Photos में ऑटोमैटिक फोटो और वीडियो बैकअप नहीं किया जा सकेगा। पहले यूजर्स कंप्यूटर के किसी फोल्डर को चुनकर उसकी नई फोटो और वीडियो को सीधे Google Photos में अपलोड कर सकते थे। अब यह सुविधा उपलब्ध नहीं रहेगी।
हालांकि, यूजर्स की पुरानी तस्वीरें और वीडियो डिलीट नहीं होंगे। Google Photos की सामान्य सेवाएं भी पहले की तरह जारी रहेंगी। बदलाव केवल Drive और Google Photos के बीच मौजूद इस डेस्कटॉप बैकअप कनेक्शन में किया गया है।
किन यूजर्स पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर?
इस बदलाव का असर खासतौर पर Windows और Mac कंप्यूटर इस्तेमाल करने वाले उन यूजर्स पर पड़ेगा, जो Drive for Desktop के जरिए फोटो और वीडियो का Google Photos में बैकअप लेते हैं। फोटोग्राफर, कंटेंट क्रिएटर और कैमरे से फोटो लेकर पहले कंप्यूटर में सेव करने वाले यूजर्स को अपने बैकअप सिस्टम में बदलाव करना होगा।
वहीं, जो लोग केवल Android या iPhone से Google Photos में फोटो बैकअप करते हैं, उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। इसी तरह Drive for Desktop के फोटो बैकअप फीचर का इस्तेमाल नहीं करने वाले यूजर्स भी इस बदलाव से प्रभावित नहीं होंगे।
Google ने क्यों बदला तरीका?
Google अब फोटो और वीडियो के बैकअप को Google Photos के जरिए ही मैनेज करने पर ज्यादा जोर दे रहा है। कंपनी का उद्देश्य Drive और Photos के बीच मौजूद इस पुराने कनेक्शन को हटाकर फोटो बैकअप प्रक्रिया को एक अलग और केंद्रीकृत सिस्टम में रखना है।
पुरानी फोटो रहेंगी सुरक्षित
यूजर्स को सबसे ज्यादा चिंता अपनी पुरानी तस्वीरों और वीडियो को लेकर हो सकती है, लेकिन इस बदलाव का मतलब मौजूदा Google Photos कंटेंट को हटाना नहीं है। पहले से बैकअप की गई फोटो और वीडियो Google Photos में सुरक्षित रहेंगी। केवल कंप्यूटर से होने वाला ऑटोमैटिक बैकअप तरीका बदल रहा है।
इसलिए अगर आप Drive for Desktop से फोटो बैकअप लेते हैं, तो 10 अगस्त के बाद अपने कंप्यूटर की नई फोटो और वीडियो को Google Photos में सेव करने के लिए वैकल्पिक बैकअप तरीका तैयार रखना बेहतर होगा।


