TRAI Launches MyCall App: कॉल ड्रॉप से हैं परेशान? TRAI ने लॉन्च किया नया MyCall ऐप, अब सीधे दे कर सकेंगे शिकायत
TRAI Launches MyCall App

TRAI Launches MyCall App: नई दिल्ली। अगर आपकी फोन कॉल बार-बार कटती है, आवाज साफ नहीं आती या बातचीत के दौरान नेटवर्क की समस्या होती है, तो अब इसकी शिकायत करना और आसान हो गया है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) ने MyCall ऐप का नया वर्जन लॉन्च किया है। इसके जरिए मोबाइल यूजर्स अपने कॉलिंग अनुभव का फीडबैक सीधे टेलीकॉम कंपनियों तक पहुंचा सकेंगे।
कॉल खत्म होते ही दे सकेंगे रेटिंग
TRAI के चेयरमैन अनिल कुमार लाहोटी ने बताया कि इस ऐप का उद्देश्य उपभोक्ताओं से सीधे कॉल क्वालिटी का फीडबैक लेना है। अब यूजर्स किसी भी वॉयस कॉल के बाद 1 से 5 स्टार तक रेटिंग दे सकेंगे। इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि किस इलाके या नेटवर्क पर कॉलिंग की गुणवत्ता कैसी है।
इन समस्याओं की कर सकेंगे शिकायत
MyCall ऐप में सिर्फ रेटिंग ही नहीं, बल्कि कॉलिंग से जुड़ी कई समस्याओं की रिपोर्ट भी की जा सकेगी। यूजर्स कॉल ड्रॉप, आवाज का गूंजना (इको), ऑडियो में देरी, क्रॉस कनेक्शन और बातचीत के दौरान आवाज टूटने जैसी दिक्कतों की जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
टेलीकॉम कंपनियों तक पहुंचेगा फीडबैक
TRAI के अनुसार, ऐप के जरिए मिलने वाला फीडबैक संबंधित टेलीकॉम कंपनियों के साथ साझा किया जाएगा। इससे कंपनियों को नेटवर्क की कमियों की पहचान करने और उनमें सुधार करने में मदद मिलेगी। इस पहल का मकसद देशभर में मोबाइल कॉलिंग की गुणवत्ता बेहतर बनाना और उपभोक्ताओं की शिकायतों का तेजी से समाधान सुनिश्चित करना है।


