Meta One Subscription भारत में लॉन्च: एक प्लान में Instagram, WhatsApp और Facebook के फीचर, ₹549 से शुरू कीमत
आम यूजर्स के लिए दो प्लान

Meta One Subscription: नई दिल्ली: मेटा ने भारत में Meta One Subscription लॉन्च कर दिया है। इसके जरिए यूजर्स को Instagram Plus, WhatsApp Plus और Facebook Plus के कई फीचर्स एक ही सब्सक्रिप्शन में मिलेंगे। आम यूजर्स के लिए कंपनी ने दो प्लान पेश किए हैं। इनमें Core प्लान की कीमत ₹549 प्रति महीने और Premium प्लान की कीमत ₹1,960 प्रति महीने है।
बिजनेस और क्रिएटर्स के लिए चार प्लान
कंपनी ने बिजनेस और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए भी चार विकल्प दिए हैं। इनमें Essential प्लान ₹639, Advanced ₹2,099, Expert ₹6,399 और Max प्लान ₹20,990 प्रति महीने का है। इन प्लान में सोशल मीडिया फीचर्स के साथ बिजनेस मैनेजमेंट, एनालिटिक्स और कस्टमर सपोर्ट जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
अलग-अलग सब्सक्रिप्शन की जगह एक पैकेज
अलग-अलग Plus सेवाओं की कीमत देखें तो WhatsApp Plus ₹79 प्रति महीने, जबकि Instagram Plus और Facebook Plus ₹99-99 प्रति महीने हैं। यानी तीनों की अलग सदस्यता लेने पर खर्च ₹300 से कम रहता है। Meta One में इन्हें एक पैकेज में जोड़ा गया है। हालांकि, बंडल प्लान लेना फायदेमंद है या नहीं, यह यूजर के इस्तेमाल और जरूरत पर निर्भर करेगा।
AI फीचर्स और क्रिएटिव टूल्स भी मिलेंगे
Meta One में AI आधारित क्रिएटिव फीचर्स भी दिए गए हैं। यूजर्स Instagram Stories का स्टाइल बदल सकेंगे और अलग-अलग वॉयस इफेक्ट इस्तेमाल कर पाएंगे। इसके अलावा Facebook, Instagram और WhatsApp पर Meta AI से इमेज और वीडियो बनाने के लिए ज्यादा इस्तेमाल सीमा मिलेगी।
बिजनेस यूजर्स को अतिरिक्त सुविधाएं
बिजनेस और क्रिएटर प्लान में WhatsApp पर Meta Business Agent, WhatsApp Business ऐप पर वेरिफाइड बैज और Impersonation Protection जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा Instagram Stories को 30 दिन पहले तक शेड्यूल किया जा सकेगा। ऑर्गेनिक पोस्ट और रील्स में लिंक जोड़ने, विस्तृत ऑडियंस इनसाइट्स देखने और एनालिटिक्स एक्सपोर्ट करने के टूल भी मिलेंगे।


