Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Swachh Bharat में छत्तीसगढ़ सबसे आगे! टॉप रैंकिंग में चमके 7 शहर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी पुरस्कृत नगरीय निकायों को बधाई दी और इसे राज्य के लिए गौरव का क्षण बताया।

Swachh Bharat में छत्तीसगढ़ सबसे आगे! टॉप रैंकिंग में चमके 7 शहर
X

Swachh Survekshan 2024-25 : रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में छत्तीसगढ़ ने स्वच्छता के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज की है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने छत्तीसगढ़ के सात नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया। इन पुरस्कारों को उप मुख्यमंत्री अरुण साव के साथ-साथ विजेता नगरीय निकायों के महापौर और अध्यक्षों ने ग्रहण किया। इस समारोह में केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी पुरस्कृत नगरीय निकायों को बधाई दी और इसे राज्य के लिए गौरव का क्षण बताया।

स्वच्छता सुपर लीग में अंबिकापुर, पाटन और विश्रामपुर का दबदबा-

स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में शुरू की गई नई श्रेणी 'स्वच्छता सुपर लीग' (SSL) में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों अंबिकापुर, पाटन और विश्रामपुर ने शीर्ष स्थान हासिल किए। इस श्रेणी में उन शहरों को शामिल किया गया है, जिन्होंने पिछले तीन वर्षों में कम से कम एक बार शीर्ष तीन स्थानों में जगह बनाई और वर्तमान वर्ष में शीर्ष 20 प्रतिशत में रहे। अंबिकापुर ने 50,000 से 3 लाख आबादी की श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जबकि पाटन और विश्रामपुर ने 20,000 से कम आबादी वाली श्रेणी में अपनी बादशाहत कायम की।

रायपुर को 'प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर' का सम्मान-

राजधानी रायपुर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में 'प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर' के पुरस्कार से नवाजा गया। यह पुरस्कार रायपुर के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता पहल और नागरिक भागीदारी में निरंतर सुधार को दर्शाता है। रायपुर नगर निगम के प्रयासों को 'मिनिस्ट्रियल अवॉर्ड' के रूप में मान्यता मिली, जिसे उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने समारोह में ग्रहण किया।

बिलासपुर, कुम्हारी और बिल्हा की उल्लेखनीय उपलब्धियां-

नगर निगम बिलासपुर ने 3 लाख से 10 लाख आबादी वाली श्रेणी में देश के दूसरे सबसे स्वच्छ शहर का खिताब हासिल किया। कुम्हारी नगर पालिका ने 20,000 से 50,000 आबादी वाली श्रेणी में तीसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि नगर पंचायत बिल्हा ने 20,000 से कम आबादी वाले शहरों में देश के सबसे स्वच्छ शहर का गौरव प्राप्त किया। इन शहरों ने अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता जागरूकता और बुनियादी ढांचे में सुधार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है।

स्वच्छ भारत मिशन को गति देने में छत्तीसगढ़ का योगदान-

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, "स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में छत्तीसगढ़ के सात नगरीय निकायों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि स्वच्छ भारत मिशन को गति देने और छत्तीसगढ़ को स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।" उन्होंने स्वच्छता दीदियों, नगर निगम कर्मचारियों और नागरिकों के सहयोग की सराहना की, जिनके प्रयासों ने इन पुरस्कारों को संभव बनाया।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 : एक नजर-

केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में 4,500 से अधिक शहरों का मूल्यांकन 10 मापदंडों और 54 संकेतकों के आधार पर किया गया। इस वर्ष का थीम 'Reduce, Reuse, Recycle' था, जिसने टिकाऊ अपशिष्ट प्रबंधन पर जोर दिया। सर्वेक्षण में 14 करोड़ नागरिकों ने भाग लिया, जिसमें 11 लाख से अधिक घरों का सर्वेक्षण और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जनभागीदारी शामिल थी। छत्तीसगढ़ के शहरों ने अपशिष्ट प्रसंस्करण, खुले में शौच मुक्ति (ODF), और नागरिक जागरूकता जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire