Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Supreme Court Justices Oath: सुप्रीम कोर्ट को मिले पांच नए न्यायाधीश, CJI ने दिलाई गोपनीयता की शपथ

Supreme Court Justices Oath: सुप्रीम कोर्ट को मिले पांच नए न्यायाधीश, CJI ने दिलाई गोपनीयता की शपथ
X

Supreme Court Justices Oath: नई दिल्ली। भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के पांच नए न्यायाधीशों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इन नियुक्तियों के बाद शीर्ष अदालत में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 37 हो गई है। सुप्रीम कोर्ट में कुल 38 स्वीकृत पद हैं, जिनमें अब केवल एक पद रिक्त बचा है।

पांच नए न्यायाधीशों ने संभाला पदभार

सुप्रीम कोर्ट में नियुक्त किए गए नए न्यायाधीशों में वरिष्ठ अधिवक्ता वी. एस. मोहना, बॉम्बे हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस श्री चंद्रशेखर, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस शील नागू, मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजीव सचदेवा तथा जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अरुण पल्ली शामिल हैं। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 27 मई को इन नामों की सिफारिश की थी, जिसे केंद्र सरकार ने शीघ्र मंजूरी दे दी।

वी. एस. मोहना की नियुक्ति बनी खास

वरिष्ठ अधिवक्ता वी. एस. मोहना की नियुक्ति विशेष महत्व रखती है। वह जस्टिस इंदु मल्होत्रा के बाद सुप्रीम कोर्ट में सीधे बार से नियुक्त होने वाली दूसरी महिला न्यायाधीश बनी हैं। उनकी नियुक्ति को न्यायपालिका में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी के रूप में देखा जा रहा है।

बढ़ी न्यायाधीशों की संख्या

हाल ही में केंद्र सरकार ने अध्यादेश के जरिए सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 34 से बढ़ाकर 38 कर दी थी। नई नियुक्तियों से अदालत में लंबित मामलों के निपटारे में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

जल्द फिर खाली हो सकती हैं सीटें

हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के दो वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस पंकज मिथल और जस्टिस जे.के. माहेश्वरी जून माह में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ऐसे में शीर्ष अदालत में जल्द ही दो नए रिक्त पद पैदा हो सकते हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire