Sukma News : ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट में K9 रोलो की वीरता, मधुमक्खियों के हमले में शहीद, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई
इस 21 दिवसीय अभियान में रोलो ने विस्फोटकों का पता लगाने और जवानों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाई, लेकिन एक अप्रत्याशित हादसे ने इस वफादार योद्धा को हमसे छीन लिया।

Sukma News : सुकमा। छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में नक्सलियों के खिलाफ चले ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट में सीआरपीएफ की 228वीं बटालियन के बहादुर K9 रोलो ने अपनी वीरता और निष्ठा से सभी का दिल जीत लिया। इस 21 दिवसीय अभियान में रोलो ने विस्फोटकों का पता लगाने और जवानों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाई, लेकिन एक अप्रत्याशित हादसे ने इस वफादार योद्धा को हमसे छीन लिया।
Sukma News : बता दें कि 27 अप्रैल 2025 को ऑपरेशन से लौटते समय K9 रोलो और उसके हैंडलर पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। जवानों ने रोलो को बचाने के लिए पॉलीथीन शीट से ढकने की कोशिश की, लेकिन मधुमक्खियां शीट के अंदर घुस गईं और रोलो को करीब 200 बार डंक मार दिया। तेज दर्द और जलन के कारण रोलो बेकाबू हो गया और शीट से बाहर निकल आया, जिससे वह और अधिक डंक का शिकार हुआ। तत्काल चिकित्सा सहायता के बावजूद रोलो रास्ते में ही बेहोश हो गया और अस्पताल पहुंचने पर पशु चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत्यु का कारण एनाफिलेक्टिक शॉक बताया गया।

Sukma News : सीआरपीएफ के सच्चे सैनिक को सम्मान-
सुकमा में सीआरपीएफ जवानों ने नम आंखों से अपने इस चार-पैर वाले सैनिक को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। रोलो को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और सीआरपीएफ महानिदेशक जीपी सिंह ने उसे मरणोपरांत डीजी कमेंडेशन डिस्क से सम्मानित करने की घोषणा की। जवानों ने हथियार उलटकर इस नन्हे योद्धा को सलामी दी, जिसने नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
Sukma News : रोलो की बहादुरी और प्रशिक्षण-
दो साल का बेल्जियन मालिनोइस रोलो, जो 5 अप्रैल 2023 को जन्मा था, बेंगलुरु के पास तरालु में सीआरपीएफ के डॉग ब्रीडिंग एंड ट्रेनिंग स्कूल में प्रशिक्षित हुआ था। इन्फैंट्री पेट्रोलिंग, विस्फोटक खोज और आक्रमण में निपुण रोलो को अप्रैल 2024 में सुकमा में नक्सल विरोधी अभियानों के लिए तैनात किया गया था। अपनी तैनाती के दौरान उसने जवानों को आईईडी और नक्सली ठिकानों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


