Top
Begin typing your search above and press enter to search.

कांग्रेस सेवा दल की प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित,आगमी 6 माह के कार्यक्रमों की बनाई रूपरेखा

मध्य प्रदेश कांग्रेस का सेवा दल प्रकोष्ठ प्रदेश भर में सरकार के खिलाफ आंदोलन करने की योजना बना रहा है।

कांग्रेस सेवा दल की प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित,आगमी 6 माह के कार्यक्रमों की बनाई रूपरेखा
X
भोपाल। एमपी कांग्रेस का सेवा दल प्रकोष्ठ प्रदेश भर में सरकार के खिलाफ आंदोलन करने जा रहा है। आंदोलन की रूपरेखा को लेकर आज भोपाल के प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक को पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने भी संबोधित किया। जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस सेवादल प्रतिबद्धता एवं समर्पण का प्रतीक है, हमारा लक्ष्य है कि हम सेवादल को बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए कार्य करेंगे।



सेवादल की मध्यप्रदेश इकाई सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। मैं जिस जिले में भी जाता हॅू वहां सेवादल के सिपाहियों की टीम पार्टी के लिए कार्य करते हुए नजर आती है। पटवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राज में प्रदेश में अराजकता का माहौल बना हुआ है, महिलाएं, किसान, युवा हर वर्ग परेशान है। बेरोजगारी और महंगाई से प्रदेश में त्राहिमाम की स्थिति बनी हुई है। जो अनुशासन और सम्मान सेवादल के सिपाही का होता है, वह आमजनों के बीच जाकर उनसे चर्चा करें, भाजपा सरकार के दोहरे चरित्र को उजागर करें और कांग्रेस पार्टी की नीतियों, संविधान के बारे में बतायें, आने वाला समय कांग्रेस का ही है, क्योंकि भाजपा की झूठ, फरेब की 20 सालों की सत्ता से प्रदेश की जनता पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है।

वही अ.भा.कांग्रेस कमेटी के सचिव सी.पी.मित्तल ने कहा कि देश की आजादी में सेवादल का एक महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सेवादल की स्थापना स्वतंत्रता सेनानी, क्रांतिवीरों के परिवार को सेवादल संगठन से जोड़कर उनकी मदद करने, उनके परिवारों को संरक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से की गई थी और उन उद्देश्यों में सेवादल पूरी तरह सफल रही है। योगेश यादव की कार्यशैली सराहनीय है, जिन्होंने अपने जीवन को सेवादल के सिपाही के रूप में समर्पित किया है और आज भी एक दृढ़योद्धा की तरह पूरी परिवक्ता के साथ कार्य कर रहे है।


अ.भा.कांग्रेस सेवादल के मप्र प्रभारी प्रतापनारायण मिश्रा ने कहा कि सेवादल आगामी छह माह में समस्त जिलों के विधानसभा एवं ब्लाक स्तर तक कार्यशालाएं आयोजित करेगा, हमारा लक्ष्य मध्यप्रदेश के समस्त गांवों में सेवादल के दो-दो कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाना है। इस अवसर पर अभा कांग्रेस सेवादल के महासचिव लालजी प्रसाद मिश्र ने भी सेवादल के पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए उन्हें मार्गदर्शन प्रदान किया। म.प्र. में सेवादल सक्रियता के साथ कार्य कर रही है।


वन्दे मातरम् के साथ प्रारंभ बैठक की अध्यक्षता करते हुए मप्र कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष योगेश यादव ने स्वागत भाषण में पिछले 6 माह की गतिविधियों से अवगत कराते हुये बताया कि अगले 6 माह में म.प्र. कांग्रेस सेवादल की ओर से प्रदेश स्तरीय विशाल सम्मेलन आयोजित किया जायेगा। मप्र के समस्त जिलों में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जायेगा साथ ही कांग्रेस सेवादल द्वारा म.प्र. के समस्त जिलों में मप्र की भ्रष्ट सरकार के खिलाफ मप्र की सड़कों पर आंदोलन किया जायेगा। बैठक का संचालन मप्र कांग्रेस सेवादल के प्रदेश उपाध्यक्ष अरूण रोचवानी ने एवं आभार प्रदर्शन यंग ब्रिगेड सेवादल अध्यक्ष गज्जू तिवारी ने किया।




Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire