ये लेफ्ट आर्म फास्ट बॉलर बने चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच, फ्लेमिंग की लेंगे जगह, CSK ने सोशल मीडिया पर किया ऐलान
सीएसके और फ्लेमिंग ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया था।

मुंबई: भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान अब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के मुख्य कोच होंगे। फ्रेंचाइजी ने सोमवार को सोशल मीडिया के जरिए उनकी नियुक्ति का ऐलान किया। जहीर स्टीफन फ्लेमिंग की जगह लेंगे। आईपीएल 2026 सीजन के बाद फ्लेमिंग ने मुख्य कोच पद छोड़ दिया था। सीएसके और फ्लेमिंग ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया था।
फ्लेमिंग के कार्यकाल में सीएसके ने जीतीं 5 ट्रॉफी
स्टीफन फ्लेमिंग 2008 में आईपीएल के पहले सीजन में सीएसके से खिलाड़ी के तौर पर जुड़े थे। 2009 में उन्होंने टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाली। करीब 17 साल के इस सफर में उनके मार्गदर्शन में सीएसके ने 5 आईपीएल ट्रॉफी और 2 चैंपियंस लीग टी20 खिताब जीते। टीम 12 बार प्लेऑफ और 10 बार आईपीएल फाइनल में पहुंची।
Left Arm “Taking” Over! 💫🦁
Welcoming Zaheer Khan as the Head Coach of Chennai Super Kings!
#WhistlePodu #Yellove 🦁💛
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) September 21, 2026
लगातार तीन सीजन प्लेऑफ से बाहर रही टीम
सीएसके ने आखिरी बार 2023 में आईपीएल खिताब जीता था। इसके बाद 2024, 2025 और 2026 में टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी। 2024 में टीम पांचवें, 2025 में 10वें और 2026 में आठवें स्थान पर रही। ऐसे में जहीर के सामने टीम को फिर से मजबूत बनाने की बड़ी चुनौती होगी।
मुंबई और लखनऊ के साथ भी काम कर चुके हैं
2017 में आईपीएल से संन्यास के बाद जहीर ने अलग-अलग भूमिकाएं निभाईं। वे मुंबई इंडियंस में क्रिकेट ऑपरेशन के निदेशक और ग्लोबल डेवलपमेंट हेड रहे। आईपीएल 2025 में वे लखनऊ सुपर जाएंट्स के मेंटर भी बने। खिलाड़ी के तौर पर जहीर ने 100 आईपीएल मैचों में 102 विकेट लिए। अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने तीनों फॉर्मेट में कुल 610 विकेट हासिल किए।


