Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Women's Asia Cup 2026 Final: शेफाली-मंधाना की तूफानी साझेदारी, भारत ने श्रीलंका को दिया 184 रन का लक्ष्य

Womens Asia Cup 2026 Final: शेफाली-मंधाना की तूफानी साझेदारी, भारत ने श्रीलंका को दिया 184 रन का लक्ष्य
X

दुबई। महिला एशिया कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत और श्रीलंका की टीमें खिताब के लिए आमने-सामने हैं। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। अपना 8वां एशिया कप खिताब जीतने के इरादे से उतरी टीम इंडिया ने शानदार शुरुआत करते हुए श्रीलंका के सामने 184 रनों का लक्ष्य रखा।

भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 183 रन बनाए। टीम इंडिया की पारी की सबसे बड़ी खासियत रही सलामी बल्लेबाजों शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की शानदार साझेदारी, जिसने भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई।

शेफाली-मंधाना ने जमाया रंग, पहले विकेट के लिए जोड़े 129 रन

भारतीय ओपनिंग जोड़ी ने शुरुआत से ही श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बनाया। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 129 रनों की जबरदस्त साझेदारी की।

शेफाली वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 39 गेंदों में 68 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 2 शानदार छक्के शामिल रहे। उन्होंने 174 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर खबर ली। शेफाली को चामुदी ने आउट कर भारत को पहला झटका दिया।

मंधाना ने भी जड़ा अर्धशतक, लेकिन रन आउट ने तोड़ा लय

शेफाली के आउट होने के बाद स्मृति मंधाना भी ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सकीं। उन्होंने 39 गेंदों में 59 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के लगाए।

हालांकि, मंधाना दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गईं। हरमनप्रीत कौर के शॉट के बाद गेंद पॉइंट पर गई, लेकिन कप्तान के रन लेने से मना करने के बावजूद मंधाना दौड़ पड़ीं और अपना विकेट गंवा बैठीं।

मध्यक्रम नहीं संभाल सका जिम्मेदारी

मजबूत शुरुआत के बाद भारतीय मध्यक्रम बड़ी साझेदारी बनाने में नाकाम रहा। कप्तान हरमनप्रीत कौर 14 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष भी ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सकीं और उन्होंने 13 गेंदों में 17 रन बनाए। दीप्ति शर्मा ने 5 रन और भारती फुलमाली ने 2 रन का योगदान दिया।

कमलिनी की तेज पारी से भारत पहुंचा 180 के पार

अंतिम ओवरों में जी कमलिनी ने उपयोगी पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 5 गेंदों में 15 रन बनाकर भारत के स्कोर को 183 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

अब श्रीलंका के सामने खिताबी मुकाबला जीतने के लिए 184 रनों का लक्ष्य है। दुबई की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार नजर आ रही है, ऐसे में दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire