FIFA World Cup 2026 Final: फीफा वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल कल, अर्जेंटीना-स्पेन की होगी टक्कर, पहली बार 25 मिनट का होगा हाफ-टाइम शो, क्लोजिंग सेरेमनी में दिखेगा इन सितारों का जलवा

FIFA World Cup 2026 Final: नई दिल्ली: फीफा वर्ल्ड कप 2026 अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। रविवार को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में मौजूदा विश्व चैंपियन अर्जेंटीना और यूरोपीय चैंपियन स्पेन के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। मैच से पहले फीफा ने शानदार क्लोजिंग सेरेमनी की तैयारी की है, जिसमें फुटबॉल के साथ संगीत और मनोरंजन का शानदार मेल देखने को मिलेगा।
क्लोजिंग सेरेमनी में कौन-कौन करेगा परफॉर्म?
समापन समारोह में लौरा पौसिनी, निकोल शेरज़िंगर, रॉबी विलियम्स और मशहूर कंटेंट क्रिएटर IShowSpeed अपनी प्रस्तुति देंगे। हॉलीवुड अभिनेता टॉम क्रूज़ भी इस खास कार्यक्रम का हिस्सा होंगे। वहीं, अमेरिका का राष्ट्रगान प्रसिद्ध गायिका जेनिफर हडसन गाएंगी। इसके बाद दोनों टीमें मैदान में उतरेंगी।
पहली बार होगा हाफ-टाइम शो
इस बार वर्ल्ड कप फाइनल में पहली बार सुपर बाउल की तर्ज पर करीब 25 मिनट का हाफ-टाइम शो होगा। इसमें मैडोना, शकीरा, जस्टिन बीबर और BTS जैसे बड़े कलाकार प्रस्तुति देंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य दुनिया भर के बच्चों की शिक्षा और फुटबॉल विकास के लिए धन जुटाना है।
फाइनल में होगी कांटे की टक्कर
अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतकर इतिहास रचना चाहेगा, जबकि स्पेन 2010 के बाद दूसरी बार खिताब अपने नाम करने के इरादे से उतरेगा। दोनों टीमों के बीच अब तक 14 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हुए हैं, जिनमें दोनों ने 6-6 मैच जीते हैं और 2 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।

कब शुरू होगा मैच?
भारतीय समयानुसार रात 11:00 बजे क्लोजिंग सेरेमनी शुरू होगी। इसके बाद रात 12:30 बजे अर्जेंटीना और स्पेन के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें नए विश्व चैंपियन का फैसला होगा।


