दिल्ली कैपिटल्स में फिर चलेगी 'दादागिरी' IPL 2027 से पहले हेड कोच बने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान
युवराज, वास और मिश्रा के नाम चर्चा में

नई दिल्ली। दिल्ली कैपिटल्स ने IPL 2027 के लिए पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। गांगुली अब पहली बार IPL में बतौर हेड कोच किसी टीम की कमान संभालेंगे। वह इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के साथ सलाहकार और क्रिकेट निदेशक की भूमिका निभा चुके हैं।
हेमंग बदानी की जगह मिली जिम्मेदारी
गांगुली को हेमंग बदानी की जगह यह जिम्मेदारी दी गई है। बदानी ने 2025 और 2026 सीजन में टीम के हेड कोच की भूमिका निभाई थी। दिल्ली की टीम 2026 में छठे स्थान पर रही थी और लगातार दो सीजन प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी। फ्रेंचाइजी ने इसके बाद अपने कोचिंग सेटअप में बदलाव किया है।
Dilli, it's time for Dadagiri 🐅
Sourav Ganguly, Head Coach of the Tigers 🔥 https://t.co/EMTPQ9TB64
— Delhi Capitals (@DelhiCapitals) October 6, 2026
2019 से दिल्ली के साथ जुड़े हैं गांगुली
सौरव गांगुली का दिल्ली कैपिटल्स से पुराना रिश्ता है। वह 2019 में टीम के सलाहकार बने थे। इसके बाद उन्होंने फ्रेंचाइजी के साथ क्रिकेट निदेशक के तौर पर भी काम किया। अब उनकी भूमिका बदलकर सीधे टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी संभालने की हो गई है।
प्रिटोरिया कैपिटल्स को भी दे चुके हैं कोचिंग
गांगुली ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका की टी20 लीग में प्रिटोरिया कैपिटल्स के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली थी। ऐसे में दिल्ली कैपिटल्स के साथ IPL में हेड कोच के तौर पर यह उनका नया अध्याय होगा। गांगुली ने कहा है कि वह मजबूत और निडर टीम तैयार करने पर काम करना चाहते हैं।
युवराज, वास और मिश्रा के नाम चर्चा में
दिल्ली कैपिटल्स के नए सपोर्ट स्टाफ को लेकर अभी सभी नियुक्तियों का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। रिपोर्ट्स में युवराज सिंह, श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज चमिंडा वास और पूर्व भारतीय लेग स्पिनर अमित मिश्रा के नाम सामने आए हैं। युवराज को बल्लेबाजी और वास को गेंदबाजी से जुड़ी जिम्मेदारी मिलने की चर्चा है, जबकि अमित मिश्रा के स्पिन विभाग संभालने की संभावना जताई जा रही है। इन नियुक्तियों की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
दिल्ली को पहली IPL ट्रॉफी का इंतजार
दिल्ली कैपिटल्स अब तक IPL खिताब नहीं जीत सकी है। गांगुली के सामने नए सीजन में टीम को मजबूत बनाने के साथ इस लंबे इंतजार को खत्म करने की चुनौती होगी। टीम अब IPL 2027 की तैयारियों और आगामी ऑक्शन की रणनीति पर काम करेगी।


