Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

SA-W vs IND-W: भारतीय महिला टीम का दक्षिण अफ्रीका दौरे का ऐलान, टेस्ट-वनडे और टी20 का देखें पूरा शेड्यूल

भारतीय महिला क्रिकेट टीम दिसंबर 2026 में दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर जाएगी, जहां दोनों टीमों के बीच तीनों फॉर्मेट में मुकाबले खेले जाएंगे।

SA-W vs IND-W: भारतीय महिला टीम का दक्षिण अफ्रीका दौरे का ऐलान, टेस्ट-वनडे और टी20 का देखें पूरा शेड्यूल
X

नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम दिसंबर 2026 में दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर जाएगी, जहां दोनों टीमों के बीच तीनों फॉर्मेट में मुकाबले खेले जाएंगे। क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने इस बहुप्रतीक्षित सीरीज का नया कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि पहले से तय टेस्ट और वनडे मुकाबलों के साथ अब तीन मैचों की टी20 सीरीज भी शामिल कर दी गई है। इस बदलाव का उद्देश्य दोनों टीमों को 2027 में होने वाली आईसीसी महिला टी20 चैंपियंस ट्रॉफी की बेहतर तैयारी का मौका देना है।

टी20 चैंपियंस ट्रॉफी की तैयारी पर रहेगा फोकस

महिला टी20 चैंपियंस ट्रॉफी का पहला संस्करण फरवरी 2027 में श्रीलंका में आयोजित होना है। इसी को ध्यान में रखते हुए दोनों बोर्डों ने टी20 मुकाबलों को कार्यक्रम में शामिल किया है। इस सीरीज के जरिए खिलाड़ियों को बड़े टूर्नामेंट से पहले अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी मैच खेलने का अवसर मिलेगा।

टीम इंडिया के पास पिछली हार का हिसाब चुकाने का मौका

भारतीय महिला टीम इसी साल टी20 विश्व कप की तैयारी के तहत दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गई थी, जहां उसे पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा था। अब नई टी20 सीरीज में टीम इंडिया के पास उस प्रदर्शन को पीछे छोड़ते हुए मजबूत वापसी करने का सुनहरा अवसर होगा।

टेस्ट से होगी शुरुआत, फिर वनडे और टी20 मुकाबले

दौरे की शुरुआत 9 से 12 दिसंबर के बीच खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से होगी। इसके बाद आईसीसी महिला चैंपियनशिप के तहत तीन वनडे मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। वनडे सीरीज समाप्त होने के बाद दोनों टीमें तीन टी20 मैचों में आमने-सामने होंगी, जिनका आयोजन 26, 29 और 30 दिसंबर को किया जाएगा।

दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड ने जताई खुशी

क्रिकेट साउथ अफ्रीका के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फोलेट्सी मोसेकी ने कहा कि भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ तीनों फॉर्मेट में खेलने से उनकी टीम को बड़े टूर्नामेंटों की तैयारी में काफी मदद मिलेगी। उन्होंने इसे खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन अनुभव और प्रतिस्पर्धात्मक चुनौती बताया।

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका महिला टीम का मैच शेड्यूल

भारतीय महिला टीम का दक्षिण अफ्रीका दौरा 9 दिसंबर 2026 से शुरू होगा। दौरे का पहला मुकाबला 9 से 12 दिसंबर के बीच गकेबेरहा में खेले जाने वाला एकमात्र टेस्ट मैच होगा, जिसकी शुरुआत भारतीय समयानुसार सुबह 10:00 बजे होगी। इसके बाद वनडे सीरीज का पहला मैच 16 दिसंबर को पार्ल में सुबह 10:00 बजे, दूसरा वनडे 19 दिसंबर को केपटाउन में दोपहर 2:00 बजे और तीसरा वनडे 22 दिसंबर को ब्लॉमफोन्टेन में दोपहर 2:00 बजे खेला जाएगा। वनडे सीरीज के बाद तीन मैचों की टी20 सीरीज होगी, जिसमें पहला मुकाबला 26 दिसंबर को बेनोनी, जबकि दूसरा और तीसरा टी20 29 और 30 दिसंबर को पोटचेफस्ट्रूम में आयोजित होगा। तीनों टी20 मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 6:00 बजे शुरू होंगे।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire