Top
Begin typing your search above and press enter to search.

क्या रोहित और गंभीर के बीच सब ठीक है? कोच ने खुद बताया कैसा है दोनों का रिश्ता, बोले- हमारा रिश्ता सिर्फ कप्तान और कोच का नहीं

श्रेयस को लेकर गंभीर ने कहा, 'मैंने श्रेयस के साथ केकेआर में काम किया है। उससे पहले, जब 2018 में मैंने दिल्ली के लिए श्रेयस को कप्तानी

क्या रोहित और गंभीर के बीच सब ठीक है? कोच ने खुद बताया कैसा है दोनों का रिश्ता, बोले- हमारा रिश्ता सिर्फ कप्तान और कोच का नहीं
X

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने रोहित शर्मा के साथ अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि रोहित के साथ उनका रिश्ता सिर्फ कप्तान और कोच का नहीं रहा है। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं और साथ खेलने के कारण एक-दूसरे की सोच भी अच्छी तरह समझते हैं। भारत रविवार को तिरुवनंतपुरम में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेलेगा।

'रोहित मेरी सोच जानते हैं, मैं उनकी सोच जानता हूं'

गंभीर ने कहा, 'रोहित और मेरा रिश्ता सिर्फ कप्तान और कोच का नहीं था। जब रोहित टीम में आए थे, तब मैं एक वरिष्ठ खिलाड़ी था। इसलिए रोहित और मेरा रिश्ता उसी समय से है। रोहित मुझे तब से जानते हैं। इसलिए जब आप साथ खेल चुके होते हैं तो चीजें बहुत आसान हो जाती हैं। वह मेरी सोच जानते हैं और मैं उनकी सोच जानता हूं।'

उन्होंने कहा, 'कल मेरी सोच कुछ और हो सकती है, कप्तान की सोच कुछ और हो सकती है, लेकिन आखिर में अगर जो फैसला लिया जाए वह टीम के हित में है, तो इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता।'


चार कप्तानों के साथ काम कर चुके गंभीर

जुलाई 2024 में मुख्य कोच बनने के बाद गंभीर रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल के साथ काम कर चुके हैं। उन्होंने सभी कप्तानों की तारीफ की।

गंभीर ने कहा, 'मैंने चार कप्तानों के साथ काम किया है- रोहित, सूर्या, अब शुभमन और श्रेयस। जिन भी कप्तानों के साथ मैंने काम किया, सभी का पहला इरादा हमेशा टीम को प्राथमिकता देना रहा। मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि मुझे ऐसे चार लोगों के साथ काम करने का मौका मिला, जिन्होंने हमेशा खुद से पहले टीम को रखा।'

श्रेयस और शुभमन की भी तारीफ

श्रेयस को लेकर गंभीर ने कहा, 'मैंने श्रेयस के साथ केकेआर में काम किया है। उससे पहले, जब 2018 में मैंने दिल्ली के लिए श्रेयस को कप्तानी सौंपी थी, तो मुझे लगा था कि उनमें लीडरशिप के गुण हैं। अब, मुझे उनके साथ फिर से काम करने का मौका मिला है। शुभमन अभी युवा हैं।'

शुभमन की कप्तानी पर उन्होंने कहा, 'अगर आपको इंग्लैंड के दौरे पर पांच टेस्ट मैचों में कप्तानी दी जाती है और किसी को गहरे पानी में धकेल दिया जाता है तो या तो आप बहुत अच्छी तरह तैरकर बाहर निकलेंगे या डूब जाएंगे। लेकिन शुभमन ने जिस तरह टेस्ट क्रिकेट को संभाला है, वह शानदार रहा है। मुझे लगता है कि आने वाले वर्षों में हमें शुभमन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देखने को मिलेगा।'


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire