IPL 2027 Auction Date Goa: आईपीएल 2027 के ऑक्शन की तारीख आई सामने, बीसीसीआई ने टीमों को दी जानकारी, इस दिन लगेगी बोली
IPL 2027 Auction Date Goa: आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन की तारीख सामने आ गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 16 दिसंबर को गोवा के आईटीसी ग्रैंड होटल में खिलाड़ियों पर बोली लगेगी।

नई दिल्ली/गोवा। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मिनी ऑक्शन को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, इस बार खिलाड़ियों की नीलामी 16 दिसंबर को गोवा के एक लग्जरी पांच सितारा होटल में आयोजित की जाएगी। बीसीसीआई की लॉजिस्टिक्स टीम ने शनिवार को एक वॉट्सएप मैसेज के जरिए सभी फ्रेंचाइजियों को इस आयोजन की तारीख और वेन्यू की प्राथमिक जानकारी भेज दी है।
16 दिसंबर को गोवा में ऑक्शन
हालांकि, बीसीसीआई की तरफ से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक ई-मेल या औपचारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन फ्रेंचाइजियों को भेजे गए संदेश में स्पष्ट किया गया है कि आईपीएल 2026 की नीलामी 16 दिसंबर को आईटीसी ग्रैंड गोवा होटल में होगी। इसके अलावा, ऑक्शन से ठीक एक दिन पहले यानी 15 दिसंबर को टीमों के मालिकों और अधिकारियों के लिए एक स्पेशल ब्रीफिंग सेशन भी रखा जाएगा।
बीसीसीआई ने बनाया प्लान
रिपोर्ट्स के अनुसार, कई आईपीएल फ्रेंचाइजियों ने बोर्ड की ओर से यह वॉट्सएप संदेश मिलने की पुष्टि की है। बीसीसीआई ने यह कदम इसलिए उठाया है ताकि सभी टीमें समय रहते गोवा के लिए अपनी यात्रा, ठहरने और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी तैयारियां और बुकिंग पूरी कर सकें। हालांकि, तारीखों में आगे कोई बदलाव होगा या नहीं, इस पर अंतिम मुहर आधिकारिक ई-मेल आने के बाद ही लगेगी।
श्रीलंका के खिलाफ वनडे मैच भी
इस नीलामी की तारीख के सामने आने के बाद एक दिलचस्प स्थिति भी बन गई है। जिस दिन यानी 16 दिसंबर को गोवा में ऑक्शन होना है, ठीक उसी दिन भारतीय क्रिकेट टीम को बेंगलुरु में श्रीलंका के खिलाफ वनडे मुकाबला भी खेलना है। ऐसे में क्रिकेट फैंस और अधिकारियों की नजरें एक ही दिन दो बड़े आयोजनों पर टिकी रहेंगी।


