INDW vs BANW Asian Games 2026: शेफाली के शतक से भारत एशियन गेम्स के फाइनल में, बांग्लादेश को 114 रन से हराया; श्रीलंका से होगा मुकाबला
दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब 22 सितंबर को भारत और श्रीलंका के बीच स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला होगा।

INDW vs BANW Asian Games 2026: नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 114 रन से हराया। इस जीत के साथ भारत का कम से कम रजत पदक पक्का हो गया है। अब 22 सितंबर को फाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होगा।
शेफाली ने जड़ा नाबाद शतक
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन बनाए। शेफाली वर्मा ने 49 गेंदों में नाबाद 100 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 3 चौके और 9 छक्के लगाए। आखिरी गेंद पर एक रन लेकर शेफाली ने अपना शतक पूरा किया। यह व्हाइट-बॉल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका पहला शतक है।
स्मृति और हरमनप्रीत ने भी संभाली पारी
स्मृति मंधाना ने 19 गेंदों में 37 रन बनाए। उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 33 गेंदों में 40 रन की पारी खेली। कमालिनी 3 और ऋचा घोष 2 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि भारती फुलमाली 9 रन बनाकर नाबाद रहीं।
81 रन पर सिमटी बांग्लादेश
196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम 15.4 ओवर में 81 रन पर ऑलआउट हो गई। दिलारा अख्तर ने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए। उनके अलावा सुल्ताना खातून ने 12 और शर्मिन अख्तर ने 10 रन बनाए। टीम की बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकीं।
भारतीय गेंदबाजों ने किया कमाल
भारत की ओर से नंदिनी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने 3-3 विकेट लिए। श्री चरणी को 2 विकेट मिले, जबकि क्रांति गौड़ और श्रेयांका पाटिल ने एक-एक विकेट लिया। भारतीय गेंदबाजों ने बांग्लादेश को शुरुआत से ही दबाव में रखा और पूरी टीम को 81 रन पर समेट दिया।
फाइनल में श्रीलंका से मुकाबला
दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब 22 सितंबर को भारत और श्रीलंका के बीच स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला होगा। भारत ने 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट का स्वर्ण पदक जीता था। वहीं, बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच कांस्य पदक का मुकाबला खेला जाएगा।


