IND W vs PAK W: 18.1 ओवर में पाकिस्तान की पूरी टीम ढेर, भारत को 56 रन का टारगेट, महिला टी20 में सबसे छोटा स्कोर; सभी विकेट स्पिनर्स ने झटके
खास बात रही कि भारत के 10 में से 9 विकेट स्पिनर्स ने लिए।

IND W vs PAK W: दुबई/मुंबई: दुबई में महिला एशिया कप 2026 के भारत-पाकिस्तान मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम 18.1 ओवर में सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट हो गई। यह महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पाकिस्तान का अब तक का सबसे छोटा स्कोर है।
27 रन तक नहीं गिरा था कोई विकेट
पाकिस्तान को मुनीबा अली और शवाल जुल्फिकार ने अच्छी शुरुआत दिलाई थी। पांचवें ओवर में टीम का स्कोर बिना विकेट 27 रन था। इसके बाद शेफाली वर्मा और स्पिन गेंदबाजों ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। टीम के सिर्फ दो बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार कर सके, जबकि चार खिलाड़ी खाता भी नहीं खोल पाईं।
चरणी और रावत ने झटके 3-3 विकेट
भारत की ओर से श्री चरणी और प्रेमा रावत ने 3-3 विकेट लिए। दीप्ति शर्मा ने 2 और शेफाली वर्मा ने 1 विकेट हासिल किया। खास बात रही कि भारत के 10 में से 9 विकेट स्पिनर्स ने लिए। दीप्ति ने 3.1 ओवर में सिर्फ 5 रन दिए।
35 रन पर पाकिस्तान के 6 विकेट
पाकिस्तान का स्कोर 35 रन पहुंचते ही उसके 6 विकेट गिर चुके थे। मुनीबा अली ने 13 और शवाल जुल्फिकार ने 14 रन बनाए। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने कोई मौका नहीं दिया और पूरी टीम 55 रन पर सिमट गई।
पाकिस्तान का पिछला न्यूनतम स्कोर
इससे पहले पाकिस्तान का महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे छोटा स्कोर 56 रन था, जो उसने 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ दुबई में बनाया था। भारत के खिलाफ 55 रन के साथ पाकिस्तान ने अपना ही रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।


