Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Hong Kong Sixes 2026: पाकिस्तान और UAE के बाद इंग्लैंड से भी हारी टीम इंडिया, हॉन्ग-कॉन्ग सिक्सेस से हुई बाहर

हॉन्ग-कॉन्ग सिक्सेस 2026 में भारतीय टीम का सफर खत्म हो गया है। पाकिस्तान और UAE से हार के बाद भारत को बाउल सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने 3 रन से हरा दिया। राहुल त्रिपाठी और टी नटराजन की तेज पारियां भी टीम को जीत नहीं दिला सकीं।

Hong Kong Sixes 2026: पाकिस्तान और UAE के बाद इंग्लैंड से भी हारी टीम इंडिया, हॉन्ग-कॉन्ग सिक्सेस से हुई बाहर
X

Hong Kong Sixes Cricket: हॉन्ग-कॉन्ग सिक्सेस 2026 में भारतीय टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ हार के बाद भारत को बाउल सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने भी 3 रन से हरा दिया। लगातार हार के साथ क्रुणाल पांड्या की कप्तानी वाली भारतीय टीम का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया। बल्लेबाजी में कुछ खिलाड़ियों ने तेज पारियां जरूर खेलीं, लेकिन टीम जीत तक नहीं पहुंच सकी।

UAE ने 4.2 ओवर में हासिल किया लक्ष्य

UAE के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 94 रन बनाए। टी नटराजन ने 14 गेंदों पर 38 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। राहुल त्रिपाठी ने भी 7 गेंदों पर 21 रन बनाए। हालांकि, शशांक सिंह, नीतिश राणा और कप्तान क्रुणाल पांड्या बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।

95 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी UAE की टीम ने भारतीय गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। कप्तान खालिद शाह और अंश टंडन ने बिना विकेट गंवाए महज 4.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। खालिद शाह ने 14 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 6 छक्के शामिल थे। वहीं, अंश टंडन ने 12 गेंदों पर 39 रन की पारी खेली।

पाकिस्तान के खिलाफ भी नहीं चला भारतीय गेंदबाजों का जोर

इससे पहले भारत को पाकिस्तान के खिलाफ भी हार का सामना करना पड़ा था। मुकाबले में भारतीय टीम ने 6 ओवर में 88 रन बनाए थे। शशांक सिंह ने 11 गेंदों पर 40 रन की तेज पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। लेकिन पाकिस्तान के कप्तान अब्बास अफरीदी ने सिर्फ 8 गेंदों पर 35 रन बनाकर मैच का रुख बदल दिया। पाकिस्तान ने 3.5 ओवर यानी 23 गेंदों में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

बाउल सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने 3 रन से दी शिकस्त

ग्रुप स्टेज से बाहर होने के बाद भारत को बाउल सेमीफाइनल में इंग्लैंड का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 ओवर में 2 विकेट पर 124 रन बनाए। मार्टिन एंडरसन ने 13 गेंदों पर 51 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि एड बर्नार्ड ने नाबाद 35 रन बनाए।

125 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने भी तेजी से रन बनाए। राहुल त्रिपाठी ने 12 गेंदों पर शानदार अर्धशतक जड़ा, लेकिन उनके रिटायर्ड हर्ट होने के बाद टीम की रफ्तार प्रभावित हुई। भारतीय टीम निर्धारित 6 ओवर में 121 रन ही बना सकी और मुकाबला 3 रन से गंवा दिया।

लगातार हार के साथ भारत का अभियान समाप्त

हॉन्ग-कॉन्ग सिक्सेस 2026 में भारतीय टीम को पाकिस्तान, UAE और इंग्लैंड के खिलाफ लगातार हार का सामना करना पड़ा। बल्लेबाजों की तेज पारियों के बावजूद टीम लक्ष्य का बचाव करने और अहम मौकों पर मुकाबले को अपने पक्ष में करने में सफल नहीं रही। इंग्लैंड के खिलाफ बाउल सेमीफाइनल में मिली हार के साथ भारतीय टीम का टूर्नामेंट में सफर खत्म हो गया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire