Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

FIH Youth Hockey5s 2026: भारत ने पाकिस्तान को 7-3 से रौंदा, अब फाइनल में फिर होगी महामुकाबले की टक्कर

FIH Youth Hockey5s 2026: भारत ने पाकिस्तान को 7-3 से रौंदा, अब फाइनल में फिर होगी महामुकाबले की टक्कर
X

FIH Youth Hockey5s 2026 : नई दिल्ली। ओमान के मस्कट में आयोजित FIH यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप 2026 में भारतीय सब-जूनियर पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन में दो बड़ी जीत दर्ज की। पहले मुकाबले में भारत ने मेजबान ओमान को एकतरफा अंदाज में हराया, जबकि दूसरे और सबसे अहम मैच में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 7-3 से शिकस्त देकर अपना दबदबा साबित किया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने फाइनल में जगह बना ली है, जहां एक बार फिर उसका सामना पाकिस्तान से होगा।

पाकिस्तान के खिलाफ भारत का आक्रामक खेल

पूल चरण के हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। कप्तान केतन कुशवाहा की अगुआई में टीम ने पहले हाफ में ही मजबूत बढ़त बना ली। रोमित पाल, करन गौतम और केतन कुशवाहा के गोलों की बदौलत भारत मध्यांतर तक 3-0 से आगे था।

दूसरे हाफ में भी भारतीय टीम का दबदबा जारी रहा। प्रहलाद राजभर, शाहरुख अली, राहुल यादव और कप्तान केतन कुशवाहा ने गोल दागकर स्कोर 7-3 कर दिया और पाकिस्तान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

ओमान के खिलाफ भी रहा एकतरफा मुकाबला

इससे पहले भारत ने मेजबान ओमान के खिलाफ पूरी तरह से एकतरफा प्रदर्शन किया। पहले हाफ में ही 6-0 की बढ़त लेने वाली भारतीय टीम ने मुकाबला 10-1 से अपने नाम किया। कप्तान केतन कुशवाहा ने चार गोल किए, जबकि शाहरुख अली, करन गौतम और प्रहलाद राजभर ने दो-दो गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।


महिला टीम ने भी की शानदार वापसी

भारतीय सब-जूनियर महिला टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन से मिली हार के बाद जोरदार वापसी की। टीम ने उज्बेकिस्तान को 10-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।

इस मुकाबले में नौशीन नाज ने हैट्रिक लगाई, जबकि संदीपा कुमारी ने दो गोल किए। श्रुति कुमारी, किरण एक्का, स्वीटी कुजूर, नीलम तोपनो और दिया ने भी एक-एक गोल कर भारत की बड़ी जीत में योगदान दिया।

अब फाइनल और वर्ल्ड कप क्वालीफिकेशन पर नजर

भारतीय पुरुष टीम अब शनिवार को फाइनल में एक बार फिर पाकिस्तान से भिड़ेगी। वहीं महिला टीम सेमीफाइनल में कजाकिस्तान का सामना करेगी। इस मुकाबले में जीत मिलने पर महिला टीम न केवल फाइनल में पहुंचेगी, बल्कि आगामी FIH यूथ हॉकी5एस वर्ल्ड कप के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित कर लेगी। दोनों भारतीय टीमों से टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक की उम्मीदें बढ़ गई हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire