Top
Begin typing your search above and press enter to search.

David Warner DUI Case: शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में डेविड वॉर्नर ने कबूला अपना जुर्म, अब हो सकती है जेल

David Warner DUI Case: शराब पीकर गाड़ी चलाने के मामले में डेविड वॉर्नर ने कबूला अपना जुर्म, अब हो सकती है जेल
X

David Warner DUI Case : नई दिल्ली : ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज और सिडनी थंडर के कप्तान डेविड वॉर्नर ने शराब पीकर वाहन चलाने (Drink and Drive) के मामले में अपना दोष स्वीकार कर लिया है। उनके वकील बॉबी हिल ने बताया कि वॉर्नर ने ईस्टर संडे के दिन हुई घटना से जुड़े आरोपों को मान लिया है। आरोप स्वीकार करने के कारण उन्हें बुधवार को वेवरली लोकल कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश होने की आवश्यकता नहीं पड़ी।

जांच में तय सीमा से अधिक मिली शराब की मात्रा

यह मामला 5 अप्रैल का है, जब सिडनी में नियमित सड़क जांच के दौरान पुलिस ने वॉर्नर की गाड़ी रोकी। प्रारंभिक जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद उन्हें पुलिस स्टेशन ले जाकर दोबारा परीक्षण किया गया। जांच रिपोर्ट में उनके रक्त में शराब की मात्रा कानूनी सीमा से काफी अधिक पाई गई, जिसके बाद उनके खिलाफ ड्रिंक एंड ड्राइव का मामला दर्ज किया गया।

वकील बोले- गलती स्वीकार है, पछतावा भी

वॉर्नर के वकील बॉबी हिल ने कहा कि उनके मुवक्किल को अपने फैसले पर गहरा पछतावा है। उन्होंने माना कि शराब पीने के बाद खुद वाहन चलाना एक गैर-जिम्मेदाराना निर्णय था। वकील ने कहा कि वॉर्नर को टैक्सी या कैब सेवा का उपयोग करना चाहिए था और अब वे अदालत से नरमी बरतने की अपील करेंगे।

क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स ने जताई चिंता

घटना के सामने आने के बाद क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स (Cricket NSW) ने भी मामले को गंभीर बताया। संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ली जर्मन ने कहा कि सुरक्षित ड्राइविंग को लेकर संगठन की स्पष्ट नीति है और शराब पीकर वाहन चलाने जैसी घटनाओं को किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता। गौरतलब है कि सिडनी थंडर, सिडनी सिक्सर्स और एनएसडब्ल्यू ब्लूज राज्य सरकार के सड़क सुरक्षा और ड्रिंक एंड ड्राइव जागरूकता अभियान से भी जुड़े हुए हैं।

18 अगस्त को आएगा अदालत का फैसला

डेविड वॉर्नर की सजा पर अंतिम फैसला 18 अगस्त को सुनाया जाएगा। अदालत इस दौरान मामले के सभी तथ्यों और वॉर्नर की ओर से पेश किए गए पक्ष पर विचार करेगी। क्रिकेट करियर की बात करें तो वॉर्नर ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 112 टेस्ट, 161 वनडे और 110 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उन्होंने 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था और अब फ्रेंचाइजी क्रिकेट में सक्रिय हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire