Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

CWG 2026: आज होगा ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स का ग्रैंड फिनाले, जानिए समय, लाइव प्रसारण और समारोह की हर खास जानकारी

CWG 2026: आज होगा ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स का ग्रैंड फिनाले, जानिए समय, लाइव प्रसारण और समारोह की हर खास जानकारी
X

Glasgow Commonwealth Games 2026 Closing Ceremony Details: ग्लास्गो। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में रविवार को भव्य क्लोजिंग सेरेमनी के साथ इस बड़े खेल आयोजन का समापन होगा। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बाद अब दर्शकों की नजरें समापन समारोह पर टिकी हैं। भारत के लिहाज से भी यह कार्यक्रम बेहद खास होने वाला है, क्योंकि समारोह के दौरान 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी का आधिकारिक बैटन और ध्वज अहमदाबाद को सौंपा जाएगा।

भारतीय और स्कॉटिश संस्कृति का होगा शानदार संगम

क्लोजिंग सेरेमनी में भारत और स्कॉटलैंड की संस्कृति का खूबसूरत मेल देखने को मिलेगा। भारतीय सितार वादक ऋषभ रिखीराम शर्मा और स्कॉटलैंड के मशहूर बैगपाइपर रॉस ऐंसली की विशेष प्रस्तुति समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेगी। इसके अलावा गुजरात की संस्कृति और परंपराओं पर आधारित कार्यक्रम भी दर्शकों का ध्यान खींचेगा।

समारोह में स्कॉटिश रॉक बैंड सिंपल माइंड्स, बीईएमजेड, कैमी बार्न्स और सैंडी थॉम के साथ ऑस्ट्रेलियाई गायिका डेल्टा गुड्रेम भी अपनी प्रस्तुतियां देंगी। ऐसे में क्लोजिंग सेरेमनी मनोरंजन और सांस्कृतिक विविधता से भरपूर रहने की उम्मीद है।

अहमदाबाद को मिलेगी 2030 गेम्स की मेजबानी की कमान

समापन समारोह के दौरान ग्लास्गो से अहमदाबाद को कॉमनवेल्थ गेम्स का किंग्स बैटन और आधिकारिक ध्वज सौंपा जाएगा। 2030 का संस्करण इसलिए भी ऐतिहासिक होगा, क्योंकि यह कॉमनवेल्थ गेम्स की शुरुआत के 100 साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। पहला कॉमनवेल्थ गेम्स 1930 में कनाडा के हैमिल्टन में हुआ था।

भारत दिखाएगा अपनी सांस्कृतिक विरासत

अहमदाबाद 2030 की मेजबानी को लेकर भारत क्लोजिंग सेरेमनी में अपनी सांस्कृतिक विरासत की झलक भी पेश करेगा। गायक शंकर महादेवन और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना इस खास प्रस्तुति का हिस्सा होंगी। गुजरात की संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम के जरिए भारत की परंपरा, विविधता और आधुनिकता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।

इस प्रस्तुति के जरिए दुनिया भर के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को 2030 में अहमदाबाद आने का संदेश भी दिया जाएगा। भारत के लिए यह समारोह केवल खेलों का समापन नहीं, बल्कि अगले कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी के लिए औपचारिक शुरुआत का संकेत भी होगा।

कब और कहां होगा क्लोजिंग सेरेमनी का आयोजन?

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की क्लोजिंग सेरेमनी 2 अगस्त को ग्लास्गो के OVO हाइड्रो एरीना में आयोजित होगी। करीब 13 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस इंडोर स्टेडियम में स्थानीय समय के मुताबिक समारोह रात 9 बजे शुरू होगा। भारतीय समय के अनुसार दर्शक इसे 3 अगस्त की रात 1:30 बजे से देख सकेंगे।

भारत में कहां देख पाएंगे लाइव?

भारत में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की क्लोजिंग सेरेमनी का लाइव प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और डीडी फ्री डिश पर किया जाएगा। वहीं, ऑनलाइन दर्शक सोनी लिव ऐप और वेबसाइट के जरिए समारोह की लाइव स्ट्रीमिंग देख सकेंगे। दर्शकों को हिंदी और अंग्रेजी के अलावा अन्य भाषाओं में भी प्रसारण का विकल्प मिलने की जानकारी दी गई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire