Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Scott Edwards : वर्ल्ड कप 2027 से पहले स्कॉट एडवर्ड्स ने छोड़ी नीदरलैंड्स की कप्तानी, अब इस खिलाड़ी को मिली जिम्मेदारी

Scott Edwards : वर्ल्ड कप 2027 से पहले स्कॉट एडवर्ड्स ने छोड़ी नीदरलैंड्स की कप्तानी, अब इस खिलाड़ी को मिली जिम्मेदारी
X

नई दिल्ली। नीदरलैंड क्रिकेट टीम में कप्तानी को लेकर बड़ा बदलाव हुआ है। विकेटकीपर बल्लेबाज स्कॉट एडवर्ड्स ने वनडे टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। रॉयल डच क्रिकेट एसोसिएशन (KNCB) ने इसकी जानकारी साझा की है। अब ऑलराउंडर बास डी लीडे आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप लीग-2 के आगामी मुकाबलों में टीम की कमान संभालेंगे।

जून 2022 में संभाली थी कप्तानी

स्कॉट एडवर्ड्स ने जून 2022 में पीटर सीलार के बाद नीदरलैंड की वनडे टीम की कप्तानी संभाली थी। उनके नेतृत्व में टीम ने कुल 56 वनडे मुकाबले खेले, जिसमें 24 मैचों में जीत मिली, जबकि 29 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। एडवर्ड्स की कप्तानी में नीदरलैंड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कई यादगार प्रदर्शन किए।

वर्ल्ड कप में बड़े उलटफेर से बनाई पहचान

2023 वनडे विश्व कप में एडवर्ड्स की कप्तानी में नीदरलैंड ने दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश जैसी मजबूत टीमों को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। इसके अलावा टी20 इंटरनेशनल में भी उन्होंने टीम को कई अहम जीत दिलाईं। 2022 टी20 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के खिलाफ नीदरलैंड की जीत में एडवर्ड्स की कप्तानी की अहम भूमिका रही थी।

अब खिलाड़ी के तौर पर देना चाहते हैं योगदान

कप्तानी छोड़ने के फैसले पर स्कॉट एडवर्ड्स ने कहा कि अब वह बतौर खिलाड़ी टीम के लिए ज्यादा योगदान देना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि इस फैसले को लेकर वह पिछले कुछ समय से टीम प्रबंधन और अन्य संबंधित लोगों के साथ चर्चा कर रहे थे और उन्हें लगा कि बदलाव का यह सही समय है। एडवर्ड्स ने टीम के साथियों का धन्यवाद करते हुए नीदरलैंड क्रिकेट को अपना खास हिस्सा बताया और आगे भी पूरी मेहनत से टीम के लिए खेलने की बात कही।

बास डी लीडे के सामने बड़ी चुनौती

26 वर्षीय तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर बास डी लीडे अब टीम की कप्तानी संभालेंगे। वह नीदरलैंड के प्रमुख और भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल हैं। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद डी लीडे ने स्कॉट एडवर्ड्स की कप्तानी की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में टीम ने काफी कुछ सीखा है।

लीग-2 में शीर्ष स्थान पर पहुंचने की चुनौती

फिलहाल आईसीसी क्रिकेट विश्व कप लीग-2 की अंक तालिका में नीदरलैंड दूसरे स्थान पर है, जबकि अमेरिका शीर्ष पर है। ऐसे में बास डी लीडे के सामने नई कप्तानी में टीम को मजबूत प्रदर्शन कराते हुए अंक तालिका में नंबर-1 स्थान तक पहुंचाने की बड़ी चुनौती होगी।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire