IND vs SL : श्रीलंका दौरे पर टीम इंडिया के अभ्यास मैच के शेड्यूल में बदलाव, अब सिर्फ इतने दिन का होगा मुकाबला

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के श्रीलंका दौरे से पहले शेड्यूल में बड़ा बदलाव किया गया है। श्रीलंका XI के खिलाफ होने वाला वॉर्म-अप मुकाबला अब चार दिन के बजाय तीन दिन का होगा। भारतीय टेस्ट टीम और श्रीलंका XI के बीच यह मैच 7 से 9 अगस्त तक कोलंबो के एनसीसी ग्राउंड में खेला जाएगा। पहले इस मुकाबले को चार दिवसीय रखा गया था।
4 अगस्त को श्रीलंका रवाना होगी टीम इंडिया
शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टेस्ट टीम 4 अगस्त को कोलंबो के लिए रवाना होगी। वॉर्म-अप मैच का आयोजन दूसरे टेस्ट के वेन्यू एसएससी स्टेडियम के पास किया गया है। जून के बाद भारतीय टीम ने कोई टेस्ट मुकाबला नहीं खेला है, ऐसे में टेस्ट सीरीज से पहले यह अभ्यास मैच खिलाड़ियों के लिए अपनी लय हासिल करने का अहम मौका माना जा रहा है।
BCCI ने टीम को दी बदलाव की जानकारी
टीम के चयन के समय BCCI की ओर से चार दिवसीय वॉर्म-अप मैच की जानकारी दी गई थी, लेकिन अब इसे घटाकर तीन दिन कर दिया गया है। इस बदलाव की सटीक वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। हालांकि, BCCI और टीम मैनेजमेंट से जुड़े सूत्रों ने शेड्यूल में बदलाव की पुष्टि की है। अच्छी बात यह है कि इस अभ्यास मुकाबले का लाइव टेलीकास्ट भी किया जाएगा।
15 अगस्त से शुरू होगा पहला टेस्ट
भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है। पहला टेस्ट 15 अगस्त से गाले इंटरनेशनल स्टेडियम में शुरू होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो के एसएससी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह सीरीज मौजूदा World Test Championship (WTC) चक्र का हिस्सा होगी।
बुमराह और साई सुदर्शन की फिटनेस पर नजर
श्रीलंका रवाना होने से पहले भारतीय टीम के दो अहम खिलाड़ियों की फिटनेस पर भी नजर बनी हुई है। युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन पैर के अंगूठे की चोट से उबरने के लिए बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने बल्लेबाजी अभ्यास शुरू कर दिया है और दौरे से पहले फिट होने की उम्मीद है।
वहीं, तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को घुटने की समस्या के कारण फिटनेस से जुड़ी शर्त के साथ टीम में शामिल किया गया था। वह भी टेस्ट सीरीज से पहले फिटनेस हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
श्रीलंका दौरे का पूरा शेड्यूल
वॉर्म-अप मैच: 7–9 अगस्त, NCC ग्राउंड, कोलंबो
पहला टेस्ट: 15 अगस्त से, गाले इंटरनेशनल स्टेडियम
दूसरा टेस्ट: 23 अगस्त से, SSC स्टेडियम, कोलंबो
ऐसी होगी भारत की टेस्ट टीम
श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम में शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन को शामिल किया गया है।


