Brydon Carse Arrested : नाइट क्लब विवाद के बाद ब्रायडन कार्स इंग्लैंड टीम से बाहर, हथकड़ीयों में आए नजर
डर्बी में एक नाइट क्लब के बाहर उन्हें हथकड़ी में दिखाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने मामले को क्रिकेट रेगुलेटर के पास भेज दिया है।

नई दिल्ली। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स को पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट से बाहर कर दिया गया है। डर्बी में एक नाइट क्लब के बाहर उन्हें हथकड़ी में दिखाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने मामले को क्रिकेट रेगुलेटर के पास भेज दिया है। जांच पूरी होने तक कार्स दूसरे टेस्ट के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। उनकी जगह सॉनी बेकर को इंग्लैंड की 16 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है।
डर्बी में क्या हुआ था?
यह घटना शनिवार रात डर्बी में सामने आई, जहां कार्स अपने काउंटी टीम डरहम की जीत के बाद टीम के साथ जश्न मनाने पहुंचे थे। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कार्स को पुलिस अधिकारियों के बीच हथकड़ी में देखा गया। हालांकि, पुलिस के अनुसार 30 साल की उम्र के एक व्यक्ति को नशे में अभद्र व्यवहार के संदेह में हिरासत में लिया गया था और बाद में क्षेत्र छोड़ने पर सहमति के बाद उसे बिना किसी औपचारिक आरोप के डि-अरेस्ट कर दिया गया। उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक कार्स पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है।
ECB ने क्यों हटाया कार्स को?
ECB ने कहा है कि वह मामले के पूरे तथ्यों के सामने आने तक कार्स को दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं रखेगा। बोर्ड की ओर से मामले को क्रिकेट रेगुलेटर के पास भेजे जाने के बाद अब घटना की स्वतंत्र जांच होगी। इसका मतलब यह है कि मौजूदा समय में कार्स पर कोई अपराध सिद्ध नहीं हुआ है, लेकिन क्रिकेट से जुड़े अनुशासनात्मक पहलू की जांच जारी है।
सॉनी बेकर को मिली टीम में जगह
कार्स की जगह युवा तेज गेंदबाज सॉनी बेकर को इंग्लैंड की टीम में शामिल किया गया है। बेकर ने इसी साल न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था और अब पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट में उन्हें फिर मौका मिल सकता है।
लॉर्ड्स टेस्ट से पहले बढ़ी मुश्किल
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच दूसरा टेस्ट 27 अगस्त से लॉर्ड्स में खेला जाना है। इंग्लैंड ने हेडिंग्ले में पहला टेस्ट पारी और 103 रन से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना रखी है। ऐसे में टीम का फोकस अब सीरीज जीत पर है, लेकिन कार्स से जुड़ा विवाद मैदान के बाहर नई चुनौती बनकर सामने आया है।
वीडियो में कार्स के साथ दिखे अन्य खिलाड़ी
वायरल फुटेज में डरहम के उनके साथी मैथ्यू पॉट्स और इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स भी आसपास दिखाई दिए। हालांकि, उपलब्ध पुलिस जानकारी के अनुसार अन्य खिलाड़ियों के खिलाफ किसी कानून के उल्लंघन की बात सामने नहीं आई है।


