Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Asian Games 2026 : मनु भाकर और तजिंदरपाल तूर होंगे भारत के फ्लैग बेयरर, ओपनिंग सेरेमनी में थामेंगे तिरंगा

एशियन गेम्स 2026 की शुरुआत से पहले भारत के लिए बड़ी खबर सामने आई है। ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर और स्टार शॉट पुट खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर को खेलों की ओपनिंग सेरेमनी के लिए भारत का फ्लैग बेयरर चुना गया है।

Asian Games 2026 : मनु भाकर और तजिंदरपाल तूर होंगे भारत के फ्लैग बेयरर, ओपनिंग सेरेमनी में थामेंगे तिरंगा
X

नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 की शुरुआत से पहले भारत के लिए बड़ी खबर सामने आई है। ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर और स्टार शॉट पुट खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर को खेलों की ओपनिंग सेरेमनी के लिए भारत का फ्लैग बेयरर चुना गया है। दोनों खिलाड़ी उद्घाटन समारोह में तिरंगा थामकर भारतीय दल का नेतृत्व करेंगे।

एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी जापान के पालोमा मिजुहो स्टेडियम में आयोजित होगी। समारोह भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगा। इस बार एशियन गेम्स में 45 देशों और क्षेत्रों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

मनु भाकर का शानदार ओलंपिक रिकॉर्ड

मनु भाकर भारतीय शूटिंग की बड़ी स्टार खिलाड़ियों में शामिल हैं। उन्होंने पेरिस ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक जीते थे। वह आजादी के बाद एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय एथलीट बनी थीं।

मनु ने 10 मीटर एयर पिस्टल और 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में कांस्य पदक अपने नाम किया था। इससे पहले वह हांगझोऊ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला 25 मीटर पिस्टल टीम का हिस्सा भी रह चुकी हैं।

तजिंदरपाल तूर की नजरें तीसरे खिताब पर

शॉट पुट खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर भी भारत के अनुभवी एथलीटों में शामिल हैं। वह एशियन गेम्स में दो बार के मौजूदा चैंपियन हैं और आइची-नागोया में अपने खिताब का बचाव करने उतरेंगे।

तजिंदरपाल का लक्ष्य एशियन गेम्स में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीतने का होगा। उनकी मौजूदगी भारतीय एथलेटिक्स टीम के लिए बड़ी उम्मीद मानी जा रही है।

जापान तीसरी बार कर रहा एशियन गेम्स की मेजबानी

एशियन गेम्स 2026 का आयोजन जापान के आइची-नागोया में किया जा रहा है। जापान इससे पहले दो बार एशियन गेम्स की मेजबानी कर चुका है। टोक्यो ने 1958 और हिरोशिमा ने 1994 में इन खेलों का आयोजन किया था। इस बार एशियन गेम्स में 43 खेलों में मुकाबले होंगे और भारतीय दल 500 से ज्यादा खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतरेगा।

भारत के स्टार खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें

भारतीय दल इस बार हांगझोऊ एशियन गेम्स के अपने प्रदर्शन को और बेहतर करने के इरादे से उतरेगा। पिछले संस्करण में भारत ने 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य पदक सहित कुल 107 पदक जीते थे।

इस बार भारतीय क्रिकेट टीम, कबड्डी टीम और पुरुष हॉकी टीम अपने खिताब बचाने के लक्ष्य के साथ उतरेंगी। इसके अलावा बैडमिंटन में पीवी सिंधु, वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू, शूटिंग में मनु भाकर, कुश्ती में अमन सेहरावत और बॉक्सिंग में लवलीना बोरगोहेन जैसे खिलाड़ी भारतीय चुनौती को मजबूत करेंगे।

एथलेटिक्स में भी मजबूत है भारतीय टीम

एथलेटिक्स में भारत के 75 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इनमें गुलवीर सिंह, तेजस्विन शंकर, मुरली श्रीशंकर, ज्योति याराजी और पारुल चौधरी जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं।

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है और उद्घाटन समारोह में मनु भाकर और तजिंदरपाल सिंह तूर के हाथों तिरंगा देश के लिए गौरव का पल होगा।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire