Akhilesh Reddy : भारतीय मूल के क्रिकेटर पर ICC की बड़ी कार्रवाई, मैच फिक्सिंग मामले में 8 साल का लगा बैन

नई दिल्ली : भारतीय मूल के अमेरिकी क्रिकेटर बोडुगुम अखिलेश रेड्डी पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने कड़ी कार्रवाई की है। 26 वर्षीय रेड्डी को 2025 अबू धाबी टी10 लीग के दौरान एंटी करप्शन कोड के गंभीर उल्लंघन का दोषी पाए जाने के बाद आठ साल के लिए क्रिकेट से प्रतिबंधित कर दिया गया है। यह बैन 21 नवंबर 2025 से प्रभावी माना जाएगा और नवंबर 2033 तक लागू रहेगा।
मैच फिक्सिंग की कोशिश का लगा आरोप
ICC एंटी करप्शन ट्रिब्यूनल की जांच में रेड्डी को मैच के नतीजे या उसके किसी पहलू को गलत तरीके से प्रभावित करने की कोशिश से जुड़े मामले में दोषी पाया गया। आरोपों के मुताबिक, उन्होंने टूर्नामेंट के दौरान मैच फिक्सिंग का प्रयास किया और एक साथी खिलाड़ी को भी इस गतिविधि में शामिल होने के लिए उकसाया।
अबू धाबी टी10 टूर्नामेंट के दौरान ICC, अमीरात क्रिकेट बोर्ड की ओर से नामित एंटी-करप्शन अधिकारी के तौर पर निगरानी कर रहा था। इसी दौरान सामने आए मामले की जांच आगे बढ़ाई गई, जिसके बाद रेड्डी पर कार्रवाई हुई।
जांच में सबूत मिटाने का भी आरोप
रेड्डी के खिलाफ मामला केवल मैच फिक्सिंग की कोशिश तक सीमित नहीं रहा। ट्रिब्यूनल ने उन्हें जांच में बाधा डालने का भी दोषी पाया। आरोप है कि उन्होंने अपने मोबाइल फोन से चैट और कॉल रिकॉर्ड समेत कुछ डेटा डिलीट किया था।
ICC के एंटी करप्शन कोड के तहत उन्हें तीन अलग-अलग प्रावधानों के उल्लंघन का दोषी माना गया है। इनमें मैच के परिणाम या किसी पहलू को प्रभावित करने की कोशिश, किसी अन्य खिलाड़ी को भ्रष्ट गतिविधि के लिए प्रेरित करना और जांच से जुड़े सबूतों को नष्ट करना शामिल है।
तीन आर्टिकल के उल्लंघन में दोषी
रेड्डी को आर्टिकल 2.1.1 के तहत मैच के परिणाम, प्रगति, संचालन या किसी अन्य पहलू को फिक्स अथवा अनुचित तरीके से प्रभावित करने के प्रयास का दोषी पाया गया।
इसके अलावा आर्टिकल 2.1.4 के तहत दूसरे खिलाड़ी को उकसाने, मनाने, निर्देश देने या भ्रष्ट गतिविधि के लिए प्रोत्साहित करने का दोष साबित हुआ। वहीं आर्टिकल 2.4.7 के तहत जांच में बाधा डालने के लिए डेटा या संदेश हटाने का मामला सामने आया।
अमेरिका के लिए खेल चुके हैं रेड्डी
हैदराबाद में पले-बढ़े अखिलेश रेड्डी दाएं हाथ के बल्लेबाज और ऑफ-स्पिन गेंदबाज हैं। उन्होंने 2025 में अमेरिका की राष्ट्रीय टीम की ओर से चार टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले थे। ऐसे में आठ साल का प्रतिबंध उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
एरॉन जोन्स पर भी हो चुकी है कार्रवाई
अमेरिकी क्रिकेट से जुड़े मामलों में यह पहली बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं है। इससे पहले बल्लेबाज एरॉन जोन्स भी ICC के एंटी करप्शन नियमों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई का सामना कर चुके हैं। 2023-24 सीजन में बारबाडोस में आयोजित एक टी10 टूर्नामेंट के दौरान उन पर ICC कोड ऑफ कंडक्ट के कई उल्लंघनों के आरोप लगे थे और उन्हें अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था।


