रायपुर में रफ्तार का कहर: तेज रफ्तार बस ने खड़ी बस को ठोका, 3 महिलाओं समेत 5 घायल
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सरोना की ओर से तेज गति से आ रही एक बस ने सड़क किनारे खड़ी एक अन्य बस को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 3 महिलाओं सहित 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना आमानाका थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार बस का चालक नियंत्रण खो बैठा और खड़ी बस से जा टकराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बसों को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही आमानाका थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

