Sitaare Zameen Par: आमिर खान ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से की मुलाकात, ‘सितारे ज़मीन पर’ की सफलता के बीच वायरल हुई तस्वीरें

Sitaare Zameen Par : मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान, जो हाल ही में अपनी फिल्म ‘सितारे ज़मीन पर’ की जबरदस्त सफलता को लेकर सुर्खियों में हैं, उन्होंने मंगलवार को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात की तस्वीरें राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर साझा की गईं, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं।
तीन साल बाद की दमदार वापसी
आमिर खान ने ‘लाल सिंह चड्ढा’ की असफलता के बाद फिल्मों से थोड़े समय का ब्रेक लिया था। लेकिन अब ‘सितारे ज़मीन पर’ के साथ उन्होंने सिल्वर स्क्रीन पर शानदार वापसी की है। इस फिल्म में आमिर के साथ अभिनेत्री जेनेलिया डिसूजा नज़र आई हैं, और दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने भरपूर सराहा है। फिल्म की कहानी दिल को छू लेने वाली है, जिसने न सिर्फ दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ा, बल्कि समीक्षकों से भी इसे शानदार प्रतिक्रिया मिली है। आमिर ने इस फिल्म के प्रमोशन में खुद पूरी मेहनत से हिस्सा लिया।
Acclaimed filmmaker and actor Shri Aamir Khan called on President Droupadi Murmu at Rashtrapati Bhavan. pic.twitter.com/Jx6QV7OFYj
— President of India (@rashtrapatibhvn) June 24, 2025
राष्ट्रपति भवन में हुई विशेष मुलाकात
फिल्म की रिलीज़ और सफलता के बीच आमिर खान की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात खास मायने रखती है। राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से साझा की गई पोस्ट में लिखा गया, “प्रसिद्ध अभिनेता और निर्देशक आमिर खान ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की।” सोशल मीडिया पर आमिर के फैंस इस मुलाकात को गर्व और सम्मान का पल बता रहे हैं।
दिल्ली में स्पेशल स्क्रीनिंग का आयोजन
इस मुलाकात से ठीक एक दिन पहले आमिर खान ने दिल्ली में ‘सितारे ज़मीन पर’ की एक विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की थी, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया था।
फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर जलवा
बॉक्स ऑफिस पर ‘सितारे ज़मीन पर’ ने पहले ही दिन ₹10.7 करोड़ की कमाई कर शानदार ओपनिंग की। वीकेंड पर दर्शकों की भीड़ और सकारात्मक वर्ड ऑफ माउथ की बदौलत फिल्म ने महज चार दिनों में लगभग ₹66 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि फिल्म जल्द ही 100 करोड़ क्लब में शामिल हो सकती है।


