Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Shreyas Iyer: श्रेयस अय्यर की तूफानी पारी से मुंबई हुई पस्त, पंजाब किंग्स फाइनल में...

Shreyas Iyer: श्रेयस अय्यर की तूफानी पारी से मुंबई हुई पस्त, पंजाब किंग्स फाइनल में...
X

Shreyas Iyer: अहमदाबाद: कप्तान श्रेयस अय्यर की नाबाद 87 रनों की धमाकेदार पारी की बदौलत पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2025 के क्वालिफायर-2 में मुंबई इंडियंस को पांच विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 203 रन बनाए, जिसके जवाब में पंजाब ने 19 ओवर में पांच विकेट पर 207 रन बनाकर जीत हासिल की। बारिश के कारण मैच दो घंटे 15 मिनट देरी से शुरू हुआ, लेकिन ओवरों में कोई कटौती नहीं हुई।

पंजाब ने 2014 के बाद पहली बार आईपीएल फाइनल में जगह बनाई और अब 3 जून को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से उसका मुकाबला होगा। आरसीबी ने क्वालिफायर-1 में पंजाब को हराकर फाइनल में जगह पक्की की थी। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस का सफर क्वालिफायर-2 में समाप्त हुआ, जो एलिमिनेटर में गुजरात को हराकर इस मुकाम तक पहुंची थी।

पंजाब की शुरुआत खराब रही और 72 रन पर तीन विकेट गिर गए। इसके बाद श्रेयस और नेहाल वढेरा ने 84 रनों की साझेदारी कर पारी को संभाला। श्रेयस ने 27 गेंदों में अर्धशतक जड़ा, जबकि वढेरा 48 रन बनाकर आउट हुए। श्रेयस ने 41 गेंदों में पांच चौके और आठ छक्के लगाकर 87 रन बनाए और 19वें ओवर में छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। पंजाब के लिए प्रियांश आर्या (20), जोश इंग्लिस (38), और प्रभसिमरन सिंह (6) ने योगदान दिया। मुंबई की ओर से अश्विनी कुमार ने दो विकेट लिए। पंजाब और आरसीबी, दोनों ने ही अब तक आईपीएल ट्रॉफी नहीं जीती है, इसलिए टूर्नामेंट को नया चैंपियन मिलना तय है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire