बिलासपुर में जहरीली शराब पीने से सात की मौत, इलाके में मचा हड़कंप, कई की हालत गंभीर

बिलासपुर: बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र के लोफंदी गांव में जहरीली महुआ शराब पीने से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग बीमार हैं। मृतकों में दल्लू पटेल, शत्रुहन देवांगन, कन्हैया पटेल, कोमल लहरे, बलदेव पटेल, कोमल देवांगन उर्फ नानू और रामू सुनहले शामिल हैं।
पहले तीन लोगों की मौत बुधवार को हुई थी, जिनका अंतिम संस्कार हो चुका है, जबकि शुक्रवार की रात चार और लोगों ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यह शराब चुनाव के दौरान वितरित की गई थी, जिसके बाद लोगों की तबियत बिगड़ने लगी।
घटना के बाद पुलिस और जिला प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। गंभीर रूप से बीमार चार लोगों का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं, जिसके बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है.


