Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

RRB NTPC UG का एडमिट कार्ड जारी: 13 जून की परीक्षा के लिए हॉल टिकट डाउनलोड करें, जानें परीक्षा से जुड़ी जरूरी बातें

Vpb
RRB NTPC UG का एडमिट कार्ड जारी: 13 जून की परीक्षा के लिए हॉल टिकट डाउनलोड करें, जानें परीक्षा से जुड़ी जरूरी बातें
X

RRB NTPC UG : नई दिल्ली। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने एनटीपीसी अंडरग्रेजुएट (UG) भर्ती परीक्षा 2026 के लिए 13 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा 13 जून को निर्धारित है, वे अपने संबंधित आरआरबी की आधिकारिक क्षेत्रीय वेबसाइट पर जाकर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवारों को अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि या पासवर्ड दर्ज करना होगा।

13 से 20 जून तक आयोजित होगी परीक्षा

आरआरबी एनटीपीसी यूजी भर्ती के तहत सीबीटी-1 परीक्षा का आयोजन 13 जून से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 3,058 रिक्त पदों को भरा जाएगा। भर्ती के लिए देशभर से करीब 63.27 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया है, जिससे यह रेलवे की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में शामिल हो गई है।

परीक्षा केंद्र पर क्या ले जाना होगा?

उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड की प्रिंटेड कॉपी के साथ एक वैध मूल फोटो पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य है। मान्य पहचान पत्रों में आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस शामिल हैं। इसके अलावा सत्यापन के लिए हाल ही का पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ रखने की सलाह दी गई है।

एडमिट कार्ड में इन जानकारियों की करें जांच

हॉल टिकट डाउनलोड करने के बाद उम्मीदवार अपना नाम, रोल नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर, फोटो, हस्ताक्षर, परीक्षा तिथि, शिफ्ट, रिपोर्टिंग समय और परीक्षा केंद्र का पता अवश्य जांच लें। किसी भी त्रुटि की स्थिति में तुरंत संबंधित आरआरबी कार्यालय से संपर्क करें।

परीक्षा तीन शिफ्टों में होगी

पहली शिफ्ट सुबह 9:00 बजे से 10:30 बजे तक, दूसरी शिफ्ट दोपहर 12:45 बजे से 2:15 बजे तक और तीसरी शिफ्ट शाम 4:30 बजे से 6:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से कम से कम एक घंटे पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।

परीक्षा पैटर्न

सीबीटी-1 परीक्षा में कुल 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न गणित, सामान्य बुद्धिमत्ता एवं तर्कशक्ति तथा सामान्य जागरूकता विषयों से होंगे। परीक्षा की अवधि 90 मिनट होगी और प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-तिहाई अंक की नेगेटिव मार्किंग लागू रहेगी।

ऐसे डाउनलोड करें

सबसे पहले संबंधित आरआरबी की आधिकारिक क्षेत्रीय वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद “RRB NTPC Undergraduate (CEN 07/2025) Admit Card” लिंक पर क्लिक करें। अब अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि/पासवर्ड दर्ज करें। कैप्चा कोड भरकर सबमिट बटन दबाएं। स्क्रीन पर एडमिट कार्ड दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट भविष्य के उपयोग के लिए सुरक्षित रख लें।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire