RPSC RAS 2026 का नोटिफिकेशन जारी, 607 पदों पर होगी भर्ती; इस दिन शुरू होंगे आवेदन, जानिए कौन कर सकता है अप्लाई
RPSC RAS 2026: जयपुर: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने आरएएस भर्ती 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों के लिए यह बड़ी खबर है। आयोग राज्य सेवा और अधीनस्थ सेवा के कुल 607 पदों पर भर्ती करेगा। इच्छुक अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट rpsc.rajasthan.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकेंगे।
4 जून से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
आरपीएससी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 4 जून 2026 से शुरू होगी और उम्मीदवार 3 जुलाई 2026 की रात 12 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि केवल ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे, ऑफलाइन फॉर्म मान्य नहीं होंगे।
इतने पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत राज्य सेवा के 192 पद और अधीनस्थ सेवा के 415 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। चयनित उम्मीदवारों को 15,600 रुपये से 39,100 रुपये तक वेतन के साथ ग्रेड पे 5,400 रुपये दिया जाएगा।
तीन चरणों में होगा चयन
आरपीएससी आरएएस भर्ती की चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। इसमें प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू शामिल हैं। उम्मीदवारों को हर चरण में सफल होना अनिवार्य होगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
परीक्षा शुल्क और तारीखें
सामान्य और ओबीसी (क्रीमी लेयर) वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 350 रुपये रखा गया है। ओबीसी (एनसीएल) और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 250 रुपये तथा एससी-एसटी वर्ग के लिए 150 रुपये शुल्क निर्धारित है। आरपीएससी आरएएस प्रारंभिक परीक्षा 29 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। वहीं अन्य भर्ती परीक्षाओं की तिथियां भी आयोग जल्द जारी करेगा।

