Top
Begin typing your search above and press enter to search.

गणतंत्र दिवस परेड 2025: सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ियों और झांकियों के नतीजे घोषित, इन्हें मिला प्रथम पुरस्कार

गणतंत्र दिवस परेड 2025

गणतंत्र दिवस परेड 2025: सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ियों और झांकियों के नतीजे घोषित, इन्हें मिला प्रथम पुरस्कार
X

नई दिल्ली: गणतंत्र दिवस परेड 2025 में प्रदर्शन करने वाली सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ियों और झांकियों के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। इस वर्ष सेना, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) और अन्य सहायक बलों की मार्चिंग टुकड़ियों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय मंत्रालयों/विभागों की झांकियों का मूल्यांकन करने के लिए तीन स्वतंत्र पैनल गठित किए गए थे। इनके आधार पर घोषित नतीजों में जम्मू और कश्मीर राइफल्स को सेना की सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ी चुना गया, जबकि दिल्ली पुलिस मार्चिंग टुकड़ी को CAPF/अन्य सहायक बलों की सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ी का पुरस्कार मिला।

राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियों की श्रेणी में उत्तर प्रदेश की झांकी (महाकुंभ 2025 - स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास) को पहला स्थान मिला, जबकि त्रिपुरा (खार्ची पूजा - 14 देवताओं की आराधना) को दूसरा और आंध्र प्रदेश (एतिकोप्पका बोम्मालु - पर्यावरण अनुकूल लकड़ी के खिलौने) को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। वहीं, केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों की झांकी श्रेणी में जनजातीय कार्य मंत्रालय की झांकी (जनजातीय गौरव वर्ष) को सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया। इसके अतिरिक्त, विशेष पुरस्कार श्रेणी में केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) की झांकी (भारत के संविधान के 75 वर्ष) और ‘जयति जय मम भारतम’ नृत्य समूह को सम्मानित किया गया। इस बार नागरिकों को 26 से 28 जनवरी 2025 तक MyGov पोर्टल पर ऑनलाइन मतदान के माध्यम से अपने पसंदीदा मार्चिंग टुकड़ी और झांकी को चुनने का अवसर भी दिया गया।

इस 'पॉपुलर चॉइस कैटेगरी' के नतीजों के अनुसार, सिग्नल्स टुकड़ी को सेना की सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ी, जबकि CRPF मार्चिंग टुकड़ी को CAPF/अन्य सहायक बलों की सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग टुकड़ी के रूप में चुना गया। जनता द्वारा चुनी गई शीर्ष तीन झांकियों में गुजरात (स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास) को पहला स्थान मिला, जबकि उत्तर प्रदेश (महाकुंभ 2025 - स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास) दूसरे और उत्तराखंड (उत्तराखंड: सांस्कृतिक विरासत और साहसिक खेल) तीसरे स्थान पर रहा। वहीं, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की झांकी (महिला और बच्चों की बहुआयामी यात्रा, जो मंत्रालय की समग्र योजनाओं के तहत पोषित हुई है) को सर्वश्रेष्ठ केंद्रीय मंत्रालय झांकी का पुरस्कार मिला।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire