Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Rajasthan News : दौड़ती स्कॉर्पियो में आग लगने से पूर्व सरपंच समेत 4 जिंदा जले, पुलिस ने जताई हत्या की आशंका

अब पुलिस हत्या और हादसा दोनों एंगल से जांच कर रही है।

Rajasthan News : दौड़ती स्कॉर्पियो में आग लगने से पूर्व सरपंच समेत 4 जिंदा जले, पुलिस ने जताई हत्या की आशंका
X

Rajasthan News : अजमेर। राजस्थान के अजमेर जिले के बोराड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुई भयावह घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। श्रीरामपुरा गांव के पास दौड़ती स्कॉर्पियो में आग लगने से पूर्व सरपंच समेत चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। शुरुआती तौर पर इसे सड़क हादसा माना गया, लेकिन घटनास्थल और घर से मिले संदिग्ध सबूतों ने मामले को रहस्यमयी बना दिया है। अब पुलिस हत्या और हादसा दोनों एंगल से जांच कर रही है।

मृतकों की पहचान पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी, उनकी मां पूसी देवी, पत्नी सुरज्ञान देवी और भांजी महिमा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीन शव स्कॉर्पियो की पिछली सीट पर जले हुए मिले, जबकि सुरज्ञान देवी की अधजली लाश खेत में पड़ी मिली।

जानकारी के मुताबिक परिवार पूसी देवी की तबीयत खराब होने और सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल ले जाने की बात कह रहा था। लेकिन पुलिस जांच में कई ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिन्होंने इस कहानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार यदि परिवार अस्पताल जा रहा था तो उन्हें बोराड़ा की दिशा में जाना चाहिए था, लेकिन स्कॉर्पियो अराई रोड पर मिली। इसके अलावा वाहन की सीटें फोल्ड अवस्था में थीं, जो सामान्य सफर की स्थिति से अलग बताई जा रही हैं।

जब पुलिस ने घर की तलाशी ली तो वहां खून के निशान मिले। दो ईंटें और एक माचिस भी बरामद हुई, जिन पर खून लगा था। पुलिस को यह जानकारी भी मिली कि पास में खड़े ट्रैक्टर से डीजल निकाला गया था। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पूरा घर धुला हुआ मिला, जिससे सबूत मिटाने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जिला परिषद सदस्य रहीं सुरज्ञान देवी के गले पर चोट और खून के निशान मिले हैं। इससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई है। एसपी हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया कि पुलिस फिलहाल इस मामले को हत्या मानकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं और पुख्ता सबूत मिलने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।

मामले में पुलिस ने पूर्व सरपंच की दूसरी पत्नी, बेटे और परिवार के कुछ अन्य लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इसी बीच रामसिंह चौधरी का एक सोशल मीडिया पोस्ट भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने पुलिस सुरक्षा वापस दिलाने की मांग की थी। इस पोस्ट के सामने आने के बाद मामला और भी रहस्यमयी हो गया है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire