Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

Rajasthan : सरकारी नौकरी और संपत्ति के लालच ने ली जान, बेटी ने करवाई मां की हत्या; ऐसे रची साजिश, 7 गिरफ्तार

Dev Verma
Rajasthan : सरकारी नौकरी और संपत्ति के लालच ने ली जान, बेटी ने करवाई मां की हत्या; ऐसे रची साजिश, 7 गिरफ्तार
X

Rajasthan : जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बेटी पर अपनी ही मां की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, सरकारी नौकरी और संपत्ति हासिल करने के लालच में बेटी आयुषी शर्मा ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर मां नीरज शर्मा की हत्या करवा दी।

आरोप है कि हत्या को सड़क हादसे का रूप देने के लिए 7 लाख रुपये की सुपारी दी गई और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से महिला को कुचल दिया गया। यह सनसनीखेज घटना 3 जुलाई को जयपुर के प्रताप नगर थाना क्षेत्र में हुई थी। पुलिस के अनुसार, करीब 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही SUV ने नीरज शर्मा को टक्कर मारी, जिससे वह उछलकर करीब 100 फीट दूर जा गिरीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वाहन लेकर फरार हो गए थे।

Rajasthan : पति की मौत के बाद मिली थी सरकारी नौकरी

पुलिस जांच में सामने आया कि नीरज शर्मा के पति विजय कुमार शर्मा की करीब एक साल पहले मौत हो गई थी। वह अदालत में एलडीसी पद पर कार्यरत थे। पति की मृत्यु के बाद अनुकंपा के आधार पर नीरज शर्मा को सरकारी नौकरी मिली थी। पुलिस का दावा है कि बेटी आयुषी अपने पिता की जगह नौकरी चाहती थी, लेकिन मां ने खुद नौकरी जॉइन कर ली। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोप है कि आयुषी की नजर मां की संपत्ति पर भी थी।

Rajasthan : मां की हत्या की तीन महीने पहले बनाई गई योजना

पुलिस के मुताबिक, हत्या अचानक नहीं हुई बल्कि इसकी साजिश कई महीनों पहले रची गई थी। आयुषी ने अपने ताऊ मोहन स्वरूप और चचेरे भाई बलराम उर्फ रवि के साथ मिलकर मां को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोप है कि हत्या के लिए भरतपुर निवासी हेमंत शर्मा को 7 लाख रुपये की सुपारी दी गई। इसके बाद आरोपियों ने कई दिनों तक नीरज की गतिविधियों पर नजर रखी और उनकी आने-जाने की जानकारी जुटाई।

Rajasthan : पहले रेकी, फिर स्कॉर्पियो से वारदात को दिया अंजाम

जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने पहले एक अन्य वाहन से वारदात को अंजाम देने की कोशिश की थी, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद दोबारा योजना बनाकर स्कॉर्पियो की व्यवस्था की गई। वारदात वाले दिन नीरज अपने दिव्यांग बेटे को कोचिंग छोड़कर घर लौट रही थीं। तभी आरोपी चालक ने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

Rajasthan : CCTV फुटेज और कॉल रिकॉर्ड से खुला पूरा राज

शुरुआत में मामला सड़क हादसे जैसा लग रहा था, लेकिन नीरज के भाई राकेश शर्मा ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि नीरज पहले से अपनी बेटी और कुछ रिश्तेदारों द्वारा परेशान किए जाने की बात कह चुकी थीं। पुलिस ने घटनास्थल के CCTV फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और संदिग्धों की गतिविधियों की जांच की, जिसके बाद हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हुआ।

Rajasthan : बेटी ने कबूला हत्या की योजना में शामिल होने का आरोप

पुलिस पूछताछ में आयुषी ने कथित तौर पर बताया कि वह पिता की जगह नौकरी चाहती थी, लेकिन मां के नौकरी करने से नाराज थी। इसी वजह से उसने मां को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, आयुषी ने ताऊ मोहन स्वरूप और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।

Rajasthan : 7 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

जयपुर पुलिस ने इस मामले में आयुषी शर्मा, मोहन स्वरूप, मोहित शर्मा, आकाश शर्मा, अरविंद शर्मा, हेमंत शर्मा और रोहित जाटव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं चचेरा भाई बलराम उर्फ रवि अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली है। फिलहाल मामले की आगे जांच जारी है और पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

Rajasthan : लालच ने तोड़ा मां-बेटी का रिश्ता

यह मामला सिर्फ एक हत्या का नहीं, बल्कि संपत्ति और सरकारी नौकरी के लालच में रिश्तों के टूटने की भयावह तस्वीर पेश करता है। जिस मां ने पति की मौत के बाद परिवार संभाला, उसी की हत्या की साजिश में बेटी के शामिल होने के आरोप ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire