Raipur City News : केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की ‘अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों’ की सराहना, छत्तीसगढ़ के ग्रामीण विकास प्रयासों को बताया अनुकरणीय
- Rohit banchhor
- 13 May, 2025
उन्होंने सुझाव दिया कि इस मॉडल का अध्ययन कर इसे अन्य राज्यों में भी लागू किया जाए।
Raipur City News : रायपुर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मंत्रालय (महानदी भवन) में पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा कृषि विभाग की योजनाओं की व्यापक समीक्षा की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री चौहान ने छत्तीसगढ़ सरकार के ग्रामीण विकास और कृषि क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जमकर सराहना की, विशेष रूप से ‘अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों’ को ग्रामीण अर्थव्यवस्था में डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने सुझाव दिया कि इस मॉडल का अध्ययन कर इसे अन्य राज्यों में भी लागू किया जाए।
Raipur City News : बैठक में केंद्र और राज्य की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की स्थिति पर चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा, “छत्तीसगढ़ सरकार की प्रतिबद्धता और प्रशासनिक कार्यशैली अनुकरणीय है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए उन्नत गांव और खुशहाल किसान की अवधारणा को सशक्त करना हमारी प्राथमिकता है।” उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में ‘नियद नेलानार’ योजना के तहत सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति पर संतोष जताया और इसे सुदूर क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने का महत्वपूर्ण कदम बताया।
Raipur City News : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, “छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण विकास और कृषि को राज्य की रीढ़ मानती है। हमारा लक्ष्य योजनाओं को केवल आंकड़ों तक सीमित रखना नहीं, बल्कि ग्रामीण जन-जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।” उन्होंने डिजिटल सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने और युवाओं को कौशल आधारित रोजगार प्रदान करने को सुशासन का आधार बताया। साय ने केंद्र सरकार के सहयोग से सुदूर और वंचित क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
Raipur City News : ‘अटल डिजिटल सुविधा केंद्र’, डिजिटल सशक्तिकरण की नई पहल-
केंद्रीय मंत्री चौहान ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ग्राम पंचायतों में शुरू किए गए ‘अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों’ की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में अभिनव प्रयोग बताया। हाल ही में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम बलदाकछार में मुख्यमंत्री साय द्वारा इन केंद्रों का शुभारंभ किया गया, जो ग्रामीणों को डिजिटल और बैंकिंग सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। चौहान ने कहा, “यह पहल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने और डिजिटल सेवाओं को सुलभ कराने में मील का पत्थर साबित होगी।”
Raipur City News : मनरेगा और आवास योजना पर जोर-
बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के श्रमिक बजट के पुनरीक्षण का आश्वासन देते हुए चौहान ने कहा कि यह योजना ग्रामीण रोजगार का महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों के शीघ्र निर्माण और नए सर्वे के भौतिक सत्यापन पर बल दिया। साथ ही, ‘अमृत सरोवर’ योजना को स्थानीय आजीविका से जोड़ने की आवश्यकता बताई, ताकि जलसंरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों को रोजगार के अवसर मिलें।
Raipur City News : कृषि क्षेत्र में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को प्रोत्साहन-
कृषि क्षेत्र की समीक्षा में चौहान ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन, बागवानी, और मत्स्य पालन जैसे संबद्ध क्षेत्रों पर ध्यान देने की बात कही। उन्होंने वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों, उन्नत बीजों, जैविक खेती, और फसल चक्र को अपनाने का आह्वान किया। चौहान ने बताया कि केंद्र सरकार जल्द ही वैज्ञानिकों की एक विशेष टीम के माध्यम से छत्तीसगढ़ के जिलों में किसानों को व्यावहारिक और वैज्ञानिक तकनीकों का प्रशिक्षण देगी, जिसमें राज्य सरकार की सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा है।
Raipur City News : विकास के नए शिखर की ओर छत्तीसगढ़-
बैठक के समापन पर केंद्रीय मंत्री चौहान ने विश्वास जताया कि केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त प्रयासों से राज्य कृषि और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री साय ने आश्वासन दिया कि छत्तीसगढ़ सरकार इस साझा संकल्प को जमीनी हकीकत में बदलने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।

