Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur City News : नवा रायपुर का सफर होगा आसान, अगले 6 महीने में दौड़ेंगी 40 हाईटेक ई-बसें

नवा रायपुर में आवागमन को आसान बनाने के साथ-साथ शहर की बसाहट को भी नई गति देगी।

Raipur City News : नवा रायपुर का सफर होगा आसान, अगले 6 महीने में दौड़ेंगी 40 हाईटेक ई-बसें
X

Raipur City News : रायपुर। रायपुर से नवा रायपुर के बीच सफर करने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। वर्षों से बेहतर सार्वजनिक परिवहन का इंतजार कर रहे मंत्रालय कर्मचारियों और आम नागरिकों के लिए अब अगले छह महीनों में 40 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू होने जा रहा है। केंद्र सरकार के सहयोग से शुरू हो रही यह योजना नवा रायपुर में आवागमन को आसान बनाने के साथ-साथ शहर की बसाहट को भी नई गति देगी।

करीब सात–आठ साल से लंबित इस परियोजना को अब जमीन पर उतारने की तैयारी पूरी कर ली गई है। नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण ने ई-बस संचालन के लिए डीवी प्रोजेक्ट लिमिटेड को जिम्मेदारी सौंपी है। कंपनी को 73.80 प्रति किलोमीटर की दर से 10 वर्षों के लिए अनुबंध दिया गया है। वर्क ऑर्डर मिलने के छह महीने के भीतर बसें सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी।

ई-बसों के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर भी तेजी से तैयार किया जा रहा है। चीचा क्षेत्र में अत्याधुनिक डिपो का निर्माण शुरू हो चुका है, जहां बसों की पार्किंग, मेंटेनेंस व चार्जिंग की सुविधा होगी। यहां से कंट्रोल रूम के जरिए बसों की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी।

सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से ये ई-बसें पूरी तरह हाईटेक होंगी। हर बस में सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस सिस्टम और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को रूट और अगले स्टॉप की जानकारी मिल सकेगी। रायपुर से नवा रायपुर तक अधिकतम किराया 45 रुपये प्रस्तावित है।

एनआरडीए अधिकारियों के मुताबिक, डीजल बसों को चरणबद्ध तरीके से हटाकर ई-बसों को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे ईंधन खर्च घटेगा और रायपुर–नवा रायपुर क्षेत्र में प्रदूषण स्तर में भी कमी आएगी। एनआरडीए के सीईओ चंदन कुमार के अनुसार, “टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और हमारा लक्ष्य छह महीने के भीतर ई-बस सेवा शुरू करना है, जिससे नागरिकों को सुरक्षित, आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन सुविधा मिल सके।”


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire