Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur City News : मोबाइल शॉप का सपना बना साइबर जाल, 19 साल का युवक निकला लोन ठगी का मास्टरमाइंड, छोटे व्यापारियों से की लाखों हेराफेरी

आरोपी अब तक दर्जनभर से अधिक फाइनेंस ऐप्स के जरिए लाखों रुपये की ठगी कर चुका था।

Raipur City News : मोबाइल शॉप का सपना बना साइबर जाल, 19 साल का युवक निकला लोन ठगी का मास्टरमाइंड, छोटे व्यापारियों से की लाखों हेराफेरी
X

Raipur City News : रायपुर। मोबाइल की दुकान खोलने का सपना लिए एक 19 वर्षीय युवक साइबर ठगी की दुनिया में उतर गया। ऑनलाइन फाइनेंस और प्री-अप्रूव्ड लोन का झांसा देकर ठेले लगाने वाले और छोटे कारोबारियों को निशाना बनाने वाले इस शातिर आरोपी को मौदहापारा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी अब तक दर्जनभर से अधिक फाइनेंस ऐप्स के जरिए लाखों रुपये की ठगी कर चुका था।

गिरफ्तार युवक की पहचान मुदित पाठे उर्फ कृष पवार (19 वर्ष), निवासी छिंदवाड़ा (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। दसवीं के बाद पढ़ाई छोड़कर वह फाइनेंस सेक्टर में काम की तलाश में रायपुर आया था, लेकिन जल्द ही उसने ठगी का रास्ता अपना लिया।

ऐसे जीतता था भरोसा-

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले छोटे व्यापारियों से दोस्ती बढ़ाता, फिर कैशबैक, प्रोमो कोड और रेफरल बोनस दिलवाकर उनका भरोसा जीतता था। विश्वास जमने के बाद वह आधार, पैन, मोबाइल और अन्य दस्तावेज हासिल कर लेता और लोन प्रक्रिया में मदद का झांसा देता था।

प्री-अप्रूव्ड लोन से रकम गायब-

आरोपी पीड़ितों के नाम पर प्री-अप्रूव्ड लोन स्वीकृत कराता और पूरी राशि अपने ऑनलाइन वॉलेट व खातों में ट्रांसफर कर देता था। शुरुआती जांच में कई फाइनेंस और इन्वेस्टमेंट ऐप्स के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है।

फरारी से पहले गिरफ्तारी-

डीसीपी सेंट्रल जोन उमेश प्रसाद गुप्ता और एडिशनल डीसीपी तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर मौदहापारा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की। ट्रेन से फरार होने की कोशिश कर रहे आरोपी को समय रहते घेराबंदी कर दबोच लिया गया।

कार्ड, मोबाइल और दस्तावेज बरामद-

पुलिस ने आरोपी के पास से दर्जनभर बैंक व क्रेडिट कार्ड, पासबुक, चेकबुक और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बैंक खातों और डिजिटल वॉलेट्स की गहन जांच जारी है, और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी आशंका जताई जा रही है।

पुलिस की अपील-

पुलिस ने नागरिकों और खासकर छोटे व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन लोन या फाइनेंस ऑफर में अपने दस्तावेज और मोबाइल किसी अनजान व्यक्ति को न सौंपें और पूरी सतर्कता बरतें।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire