Raipur City News : पीएसवाय उत्कृष्टता सम्मान समारोह, सीएम साय ने सम्मानित किए मेधावी छात्र, बोले- नई शिक्षा नीति से छत्तीसगढ़ में स्थानीय भाषाओं में पढ़ाई
उन्होंने नई शिक्षा नीति के तहत छत्तीसगढ़ में स्थानीय भाषाओं और हिंदी में मेडिकल शिक्षा शुरू होने पर जोर देते हुए इसे राज्य की शैक्षिक प्रगति का एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Raipur City News : रायपुर। राजधानी रायपुर में आज पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित पीएसवाय उत्कृष्टता सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मेधावी छात्र-छात्राओं, उत्कृष्ट स्कूलों और प्रतिभावान कलाकारों को सम्मानित किया। इस अवसर पर सीएम साय ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री हासिल करने का साधन नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का मार्ग है। उन्होंने नई शिक्षा नीति के तहत छत्तीसगढ़ में स्थानीय भाषाओं और हिंदी में मेडिकल शिक्षा शुरू होने पर जोर देते हुए इसे राज्य की शैक्षिक प्रगति का एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
शिक्षा के बिना जीवन अधूरा-
सीएम साय- मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र की प्रगति की नींव है और बिना इसके जीवन अधूरा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष में प्रवेश करने का जिक्र करते हुए बताया कि राज्य ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। जहां पहले केवल एक मेडिकल कॉलेज था, वहीं आज 15 से अधिक मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, एनआईटी, आईआईएम और एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थान राज्य में स्थापित हो चुके हैं। गांव-गांव में स्कूल और महाविद्यालय खोले गए हैं, जिससे बच्चों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
सीएम साय ने अपने बचपन का एक किस्सा साझा करते हुए कहा, “हमारे समय में गांव में परीक्षा केंद्र नहीं होते थे। मैंने पांचवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा दूसरे गांव में दी थी। आज छत्तीसगढ़ के बच्चों के लिए असीम अवसर हैं, जिनका लाभ उठाकर वे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि भारत विश्वगुरु बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

नई शिक्षा नीति से स्थानीय भाषाओं में पढ़ाई
मुख्यमंत्री ने नई शिक्षा नीति (एनईपी 2020) के प्रभावी कार्यान्वयन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब बस्तर जैसे क्षेत्रों में स्थानीय भाषाओं में शिक्षा दी जा रही है। साथ ही, मेडिकल की पढ़ाई हिंदी में शुरू की गई है, जो छात्रों के लिए एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने कहा कि यह नीति बच्चों को अपनी मातृभाषा में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर दे रही है, जिससे उनकी समझ और आत्मविश्वास बढ़ेगा।
युवा बनाएंगे विश्वगुरु भारत- बृजमोहन अग्रवाल
रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने समारोह में कहा कि सम्मानित मेधावी छात्र 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा, “हमारे युवा भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने में निर्णायक योगदान देंगे। इन बच्चों की प्रतिभा और मेहनत देश का भविष्य संवारेगी।”
शिक्षा में सकारात्मक बदलाव- धरमलाल कौशिक
विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि पीएसवाय संस्था न केवल मेधावी छात्रों को सम्मानित कर रही है, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान कर रही है। उन्होंने नई शिक्षा नीति के तहत भाषाई विविधता को बढ़ावा देने और छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों की सराहना की।
कलाकारों का सम्मान और विशेष उपहार
समारोह में मुख्यमंत्री साय ने विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को भी सम्मानित किया। इस दौरान वरिष्ठ चित्रकार राज सैनी ने सीएम साय को एक विशेष पेंटिंग भेंट की, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के साथ उनकी तस्वीर थी। यह उपहार समारोह का एक भावुक क्षण बन गया।
समारोह में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में पीएसवाय के प्रेसिडेंट डॉ. एस.के. मिश्रा, सलाहकार महेंद्र गुप्ता, सीईओ शुभ्रा शुक्ला सहित कई शिक्षाविद्, प्रबुद्धजन, गणमान्य अतिथि, शिक्षक और स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


