Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur City News : Jeevansathi.com पर प्यार का जाल, फिर बेहोशी और लाखों की चोरी, अंतर्राज्यीय गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है।

Raipur City News : Jeevansathi.com पर प्यार का जाल, फिर बेहोशी और लाखों की चोरी, अंतर्राज्यीय गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
X

Raipur City News : रायपुर। ऑनलाइन मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए महिलाओं को निशाना बनाकर ठगी और चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए रायपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने Jeevansathi.com पर फर्जी पहचान बनाकर महिला से दोस्ती की, जन्मदिन पार्टी के बहाने घर पहुंचे और खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर लाखों रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए।

मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है, जहां एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान ऑनलाइन अभिनव सिंह नामक युवक से हुई थी। कई महीनों तक बातचीत के बाद आरोपी ने विश्वास जीत लिया और जन्मदिन मनाने के बहाने उसके घर पहुंचा। आरोप है कि उसने भोजन में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला को बेहोश कर दिया और घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए खम्हारडीह थाना प्रभारी सुश्री मानसी नानाभाउ साकोरे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी जांच और डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस ने उत्तराखंड और दिल्ली में दबिश देकर आरोपी अभिनव सिंह और उसके साथी हितिन नरूला को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अभिनव सिंह फर्जी आधार और पैन कार्ड का इस्तेमाल करता था। पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि वह पिछले एक महीने में करीब 100 महिलाओं से ऑनलाइन संपर्क कर चुका था। विभिन्न राज्यों में इसी तरह की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात भी सामने आई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 57 हजार रुपये नकद, करीब 2 तोला सोने के जेवरात, चांदी का ब्रेसलेट और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 4.21 लाख रुपये बताई जा रही है।

जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी अभिनव सिंह पहले भी धोखाधड़ी, चोरी और वाहन चोरी जैसे मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire