Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Raipur City News : सूखे नशे के नेटवर्क का भंडाफोड़, फरार हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया और भाई संजू गिरफ्तार, 13 किलो से ज्यादा गांजा व हथियार जब्त

कार्रवाई में कुल मिलाकर 13 किलो से अधिक गांजा, 2400 अल्प्राजोलम गोलियां और हथियार बरामद किए गए हैं।

Raipur City News : सूखे नशे के नेटवर्क का भंडाफोड़, फरार हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया और भाई संजू गिरफ्तार, 13 किलो से ज्यादा गांजा व हथियार जब्त
X

Raipur City News : रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सूखे नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी कामयाबी हासिल की है। कालीबाड़ी–नेहरू नगर क्षेत्र में सक्रिय अवैध नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए लंबे समय से फरार हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया और उसके भाई संजू को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई में कुल मिलाकर 13 किलो से अधिक गांजा, 2400 अल्प्राजोलम गोलियां और हथियार बरामद किए गए हैं।

मामले का खुलासा 24 फरवरी 2026 को हुआ, जब थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने नेहरू नगर नरैया तालाब क्षेत्र से अब्दुल जाफर और सुनील जगत को गांजा बेचते पकड़ा। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर कालीबाड़ी क्षेत्र में नाले किनारे बने एक हाईटेक हाइडआउट पर दबिश दी गई। यहां से करीब 7 किलो 397 ग्राम गांजा, पैकिंग सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, वाई-फाई उपकरण, सीसीटीवी कैमरे और मोशन सेंसर बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, यह ठिकाना कार्रवाई से बचने के लिए तकनीकी रूप से तैयार किया गया था।

25-26 फरवरी की दरम्यानी रात एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने नरेश्वर मंदिर, नरैया तालाब क्षेत्र में दबिश दी। डीसीपी (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और डीसीपी (सेंट्रल जोन) उमेश प्रसाद गुप्ता की मॉनिटरिंग में की गई इस कार्रवाई में नेटवर्क का सरगना मुकेश बनिया और उसका भाई संजू गिरफ्तार हुए। तलाशी में 6 किलो 119 ग्राम गांजा, एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस और 2400 अल्प्राजोलम गोलियां जब्त की गईं।

आपराधिक इतिहास लंबा, राज्यों में बदलता रहा ठिकाना-

पुलिस के अनुसार, मुकेश बनिया के खिलाफ 31 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं। उसका भाई संजू भी 15 से ज्यादा मामलों में आरोपी है। गिरफ्तारी से बचने के लिए मुकेश मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तरप्रदेश और ओडिशा में लगातार ठिकाने बदलता रहा।

आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(बी)(ii)(बी), 21(बी) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire